बरेली। शुक्रवार दोपहर चौपुला ओवरब्रिज पर नो एंट्री में जाने की कोशिश कर रहे ट्रक ड्राइवर से ट्रैफिक पुलिस स्टाफ का विवाद हो गया। स्टाफ पर मारपीट का आरोप लगाकर ड्राइवर ने हंगामा किया तो पीआरवी ने उसे एक्सीडेंट में घायल दिखाकर जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। बिशारतगंज के जलालगंज गांव निवासी मेहरबान खां शुक्रवार दोपहर जिला अस्पताल में भर्ती हुए। उन्होंने बताया कि वह डेलापीर मंडी में फल उतारकर वापस लौट रहे थे। आरोप है कि चौपुला ओवरब्रिज पर जाने की कोशिश की तो ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने उनसे नो एंट्री पास कराने के नाम पर पांच सौ रुपये मांगे। उन्होंने मना किया तो पिटाई कर घायल कर दिया गया। वहीं, यातायात निरीक्षक परवेज अली ने आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने बताया कि दिन में डेलापीर मंडी से यहां तक ट्रक लाना संभव ही नहीं है। उधर से दिन में ओवरब्रिज पर ट्रकों का जाना भी मना है। ऐसा कोई ट्रक न तो आया और ही स्टाफ ने किसी से मारपीट की। ड्राइवर किसी का नाम बताता है तो कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो
दुकान में घुसकर पीटा, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
बरेली। अशरफ खां छावनी निवासी इमरान ने एसएसपी को पत्र के साथ सीसीटीवी फुटेज देकर बताया कि बीती शाम वह अपने बड़े भाई की दुग्ध पदार्थों की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान एक वकील अपने बेटे, भाई समेत करीब पंद्रह लोगों को लेकर आए और उन्हें काउंटर से खींचकर पीटना शुरू कर दिया। पीटते हुए दुकान के बाहर तक ले आए। वहां मौजूद चौकी पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने बताया कि इन लोगों का उनके भाई से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है। उनका इससे कोई लेनादेना नहीं है। इमरान ने बताया कि उनके सीसीटीवी कैमरे में सारी घटना कैद हो गई है। इसके बावजूद पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। एसएसपी ने प्रेमनगर थाना पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए है। ब्यूरो
दरोगा देवर और भतीजे पर दर्ज कराई एनसीआर
बरेली। सुभाषनगर थानाक्षेत्र की राजीव कॉलोनी निवासी अनीता शर्मा ने अपने देवर मुरादाबाद में तैनात दरोगा सुशील और भतीजे अंकुर आदि पर मारपीट की एनसीआर दर्ज कराई है। आरोप है कि सास की मौत के बाद ये लोग उनका घर कब्जाने की कोशिश करते हैं। सुशील दरोगा होने की धौंस दिखाते हैं। उनके और पति सुनील के साथ मारपीट करते रहते हैं। सुभाषनगर पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराया है। इंस्पेक्टर हरिश्चंद्र जोशी ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे। ब्यूरो