बरेली। बदायूं के शिक्षक राजेंद्र प्रसाद से कांधरपुर में लूटपाट करने वाला गिरोह अंगूरी टांडा का निकला। कैंट पुलिस ने अंगूरी टांडा के तीन बदमाशों को पकड़कर लूट का खुलासा किया है। इन बदमाशों ने चौबारी मेले के दौरान लूटपाट करने की वारदात भी स्वीकारी है। बदायूं के शिक्षक राजेंद्र प्रसाद से 21 नवंबर को बदमाशों ने कांधरपुर में 10 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया था। शिक्षक ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करानी चाही, लेकिन पुलिस ने टरका दिया था। आईजी ध्रुवकांत ठाकुर के आदेश पर लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अंगूरी टांडा निवासी जाहिद, तहजीब और चिराग को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से साढ़े चार हजार रुपये, छह मोबाइल फोन, दो तमंचे बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि चौबारी मेले में ग्रामीणों से लूट भी इन्हीं बदमाशों ने की थी।