कपड़ा शोरूम के मालिक पर रेप की एफआईआर
एसएसपी ने कोतवाली इंस्पेक्टर को तत्काल एक्शन के निर्देश दिए
कर्मचारी नगर की महिला ने शोरूम सफाई के बहाने बुलाकर दुष्कर्म करने के लगाए आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। सिविल लाइंस स्थिति बांबे डाइंग हैंडलूम शोरूम के मालिक संदीप सिंह बग्गा पर नौकरानी से दुष्कर्म करने की एफआईआर दर्ज की गई है। कर्मचारी नगर में रहने वाली युवती ने प्रेमनगर थाने से टरकाये जाने के बाद बुधवार को डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह से आपबीती बयां की तो उन्होंने एसएसपी कलानिधि नैथानी को कार्रवाई के लिए जांच दी थी। बृहस्पतिवार देर रात एसएसपी ने कोतवाली इंस्पेक्टर गीतेश कपिल को बुलाकर कपड़ा व्यापारी संदीप सिंह बग्गा के खिलाफ एफआईआर लिखने के निर्देश दे दिया।
कर्मचारी नगर में रहने वाली 32 वर्षीय महिला कोठियों में साफ सफाई का काम करती है। 17 जून को संदीप बग्गा से शोरूम की सफाई को लेकर बात होने के बाद 19 जून को व्यापारी ने फोन करके उसको शोरूम पर बुलाया। वहां शोरूम की सफाई के लिए चार हजार रुपये तनख्वाह पर बात तय होने के बाद महिला लौट गई। इसके बाद 25 जून को उसके पास व्यापारी का फोन आया कि शोरूम पर आकर सफाई कर दो। पीड़िता दोपहर दो बजे शोरूम पर पहुंची। उसने शोरूम पर सफाई की। आरोप है कि शाम को करीब छह बजे व्यापारी ने शोरूम पर बने आफिस को भी साफ करने के लिए कहा। आफिस में सफाई के दौरान उसके संग दुष्कर्म किया। महिला 26 जून को प्रेम नगर थाने गई, जहां सुनवाई न होने पर डीएम से मिली थी।
वर्जन
डीएम कार्यालय से डाक में शिकायत मेरे पास आ गई है। कोतवाली इंस्पेक्टर को एफआईआर के लिए निर्देशित किया जा चुका है। पीड़िता के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - कलानिधि नैथानी, एसएसपी
इनसेट
ब्लैकमेल करने का प्रयास
महिला से सफाई को लेकर बातचीत हुई थी। महिला उस दिन शोरूम पर आई और जिस ऑफिस को साफ करने के दौरान दुष्कर्म की बात कह रही है, वहां सिर्फ सात मिनट ही रही थी। शोरूम में दो स्टाफ जतिन और पंकज मौजूद थे। सीसी कैमरा में पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है। लेनदेन के पुराने मामले में कुछ लोग महिला के जरिये मुझे ब्लैकमेल करना चाहते हैं। इनके साथ एक वकील भी शामिल है।
- संदीप सिंह बग्गा, कपड़ा शोरूम मालिक