आरपीएफ विजिलेंस की टीम ने हल्द्वानी की कालाडुंगी में की कार्रवाई
बरेली। आरपीएफ विजिलेंस की टीम ने हल्द्वानी के एक कैफे से एक दलाल को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से सात हजार रुपये के 13 ई-टिकट भी बरामद हुए हैं। कैफे में छह पर्सनल आईडी-पासवर्ड भी मिले हैं।
इज्जतनगर रेल मंडल के आरपीएफ विजिलेंस इंस्पेक्टर मयंक चौधरी ने टीम के साथ हल्द्वानी की कालाडुंगी के पास सलमान साइबर कैफे पर छापा मारा। उस समय कैफे पर मौजूद प्रोपराइटर मोहम्मद तैय्यब टिकट बना रहा था, जिसे तुरंत ही हिरासत में ले लिया गया। उसके पास से करीब सात हजार रुपये के 13 ई-टिकट भी बरामद हुए, जिन पर यात्रा करना शेष थी। यह टिकट हावड़ा से हरिद्वार, दिल्ली, जयपुर आदि जगहों के थे। तलाशी लेने पर उसके पास से छह पर्सनल यूजर आईडी-पासवर्ड भी बरामद हुए।
इंस्पेक्टर मयंक जोशी ने बताया कि तैय्यब एक टिकट पर दो सौ रुपये तक वसूलता था। उसके खिलाफ काठगोदाम के आरपीएफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि पर्सनल आईडी पर टिकट बनाने वाले के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया गया है। विजिलेंस टीम में एसआई श्रीकृष्ण जोशी, एएसआई फिरू सिंह राणा, काठगोदाम के आरपीएफ इंस्पेक्टर रणदीप कुमार आदि शामिल थे। पांच दिसंबर को भी आरपीएफ ने वनबसा स्टेशन पर छापा मारकर स्टेशन मास्टर और दलाल को गिरफ्तार करके जेल भेजा था, इसमें स्टेशन अधीक्षक भी आरोपों के घेरे में आ गए थे।