पीलीभीत। शहर और जिले की सभी प्रमुख सड़कों पर धड़ल्ले से फर्राटा भरते ओवरलोड वाहन परिवहन विभाग के दावों और सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। गन्ना, खाद्यान्न, भूसी, निर्माण सामग्री और सामान भरकर दौड़ रहे यह वाहन हादसे को दावत रहे हैं। शहर में जाम का कारण भी बनते हैं। बेरोक-टाेक आवाजाही परिवहन और पुलिस विभाग के दावों पर सवाल उठा रही है। उधर, पूरनपुर मार्ग के टोल प्लाजा के जिम्मेदार भी ओवरलोड वाहनाें पर मेहरबान हैं। यही वजह है कि इन वाहनों की सूची परिवहन विभाग को नहीं भेजी जा रही है।
ओवरलोड गन्ना वाहनों से बिगड़ रही शहर की यातायात व्यवस्था
गन्ने का सीजन शुरू होते ही जिले और शहर की सड़कों पर ओवरलोड वाहनों की दौड़ शुरू हो जाती है। ट्रकों में ओवरलोड और अधिक ऊंचाई तक गन्ना भरा जाता है। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के चालक भी पीछे नहीं रहते। शहर के प्रमुख चौराहों से इन ओवरलोड गन्ना वाहनों की इंट्री हो रही है। ये वाहन जाम का कारण भी बनते हैं। यातायात व्यवस्था बिगड़ने के बाद भी पुलिस विभाग बेपरवाह है। हाल ही में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने इन वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए थे।
एक ओर झुक गया भूसी भरा ट्रक, जाम भी लगा
जहानाबाद। बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजेे कस्बे से गुजरे बरेली-हरिद्वार हाईवे पर ओवरलोड ट्रक फर्राटा भरता नजर आया। चौराहे पर ट्रक रुकते ही जाम की स्थिति बन गई। थोड़ी देर बाद गुजरे एक भूसी भरे ट्रक का पीछे का हिस्सा एक ओर झुका नजर आया। ट्रक में ओवरलोड और अधिक ऊंचाई तक भूसी भरी हुई थी। एक घंटे में 10 से अधिक ओवरलोड ट्रक गुजरे। ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप चालक भी वाहन में क्षमता से अधिक सामान भरकर फर्राटा भरते नजर आए।
टोल प्लाजा से नहीं आ रही सूची, बेरोक-टोक गुजर रहे ओवरलोड वाहन
ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए टोल प्लाजा पर कांटे की व्यवस्था होती है। रोजाना गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों की सूची बनाकर प्रतिमाह परिवहन विभाग को भेजी जाती है। पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे के टोल प्लाजा से ओवरलोड वाहनों की सूची विभाग को नहीं भेजी जा रही है। यहां से पूरे दिन ओवरलोड वाहन बिना किसी रोक-टोक के गुजरते हैं।
वाहनों में ले जा सकते हैं इतना सामान
10 टायर के वाहन ट्रक या अन्य वाहन में करीब 28 टन सामान ले जा सकते हैं। यह वजन ट्रक के साथ होना चाहिए। 12 टायर के वाहन में 37 टन सामान का परिवहन किया जा सकता है लेकिन ये नियम कागजी हैं। वाहनों में क्षमता से अधिक माल का परिवहन किया जाता है। परिवहन विभाग ने 15 नवंबर से अब तक करीब 48 ओवरलोड वाहनों पर चालान की कार्रवाई की है। करीब 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
ओवरलोड वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। टोल प्लाजा की ओर से विभाग को सूची उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इसको लेकर नोटिस भी जारी किए हैं। ओवरलोड वाहनों का चालान और सीज करने की कार्रवाई की जा रही है।- वीरेंद्र सिंह, एआरटीओ।
पूरनपुर मार्ग स्थित टोल प्लाजा पर निकलता ओवरलोड ट्रक। संवाद
पूरनपुर मार्ग स्थित टोल प्लाजा पर निकलता ओवरलोड ट्रक। संवाद
पूरनपुर मार्ग स्थित टोल प्लाजा पर निकलता ओवरलोड ट्रक। संवाद
पूरनपुर मार्ग स्थित टोल प्लाजा पर निकलता ओवरलोड ट्रक। संवाद