बरेली/ नवाबगंज। धार्मिक स्थलों के निर्माण को लेकर नवाबगंज इलाके के मिलक पिछौड़ा गांव में तनाव बरकरार है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस तैनात है। मामले का वीडियो वायरल होने पर खुफिया विभाग अलर्ट हो गया है। इसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र का मिलक पिछौड़ा गांव बहेड़ी विधानसभा में है। वहां एक समुदाय की आबादी 20 प्रतिशत, जबकि दूसरे की 80 प्रतिशत है। मिल पिछौड़ा गांव में कई सालों से अलग-अलग तीन धार्मिक स्थलों के निर्माण को लेकर विवाद चल रहा है। जो दो पहले दोबारा गरमा गया था। दोनों समुदायों के लोग अपने-अपने धार्मिक स्थलों का निर्माण कराना चाहते हैं, लेकिन एक-दूसरे के धार्मिक स्थल के निर्माण कराने का विरोध कर रहे हैं। रविवार को दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आने पर हंगामा हुआ था। पुलिस के मौके पर पहुंचने से बवाल बढ़ने से बच गया था। तनाव को देखते हुए वहां उसी दिन से पुलिस तैनात है। सोमवार को मामले में दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें दोनो पक्षों के 86 लोग शामिल हैं। वहीं मिलक पिछौड़ा गांव के तनाव को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो में गांव की कुछ महिलाएं बहेड़ी तहसील प्रशासन पर इकतरफा कार्रवाई करने और विधायक पर पक्षपात का आरोप लगा रही हैं। वीडियो देखने के बाद खुफिया विभाग हरकत में आ गया। मिलक पिछौड़ा जाकर दोनों पक्षों से बातचीत कर जानकारी जुटाई गई। इस मामले रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जो शासन को भेजी जाएगी।
मिलक पिछौड़ा में पूरी तरह शांति है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस तैनात कर दी गई है। किसी ने विवादित स्थलों पर निर्माण करने की कोशिश की तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - गौरव सिंह, थाना प्रभारी नवाबगंज