पूरनपुर (पीलीभीत)। किसान के खेत में तीन बंदरों की मौत हो गई, जबकि तीन बंदर बेसुध पाए गए। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने बंदरों के आतंक से परेशान उन्हें जहर दे दिया। सूचना पर पहुंची वन एवं वन्य जीव प्रभाग की टीम ने बेसुध हुए बंदरों का पशु चिकित्सालय लाकर इलाज कराया। जिस किसान के खेत में बंदर मृत मिले उसके खिलाफ वन एवं वन्य जीव प्रभाग ने केस काटा है।
घटना गांव केशोपुर में रविवार को हुई। खेत में छह बंदर काफी खराब हालत में मिले। इसकी सूचना गांव के लोगों ने वन एवं वन्य जीव प्रभाग के रेंजर गोविंदराम को मोबाइल पर दी। इस पर वन एवं वन्य जीव प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची। मगर इससे पहले ही तीन बंदरों की मौत हो गई। टीम ने अचेत मिले तीन बंदरों को कब्जे में लेकर इलाज शुरू कराया। बंदरों को पशु चिकित्सालय भी लाया गया। इलाज के बाद बंदरों की हालत में सुधार आया। वन एवं वन्य जीव प्रभाग के रेंजर गोविंदराम ने बताया कि मृत मिले बंदरों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर दफना दिया गया है। बेसुध मिले बंदरों का इलाज कराने के बाद गांव के समीप छोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि जिसके खेत में बंदरों के शव मिले, उस किसान के खिलाफ केस काटा गया है।