निगोही (शाहजहांपुर)। बीएएमएस डॉ. राकेश वर्मा पर अनुसूचित जाति की 11 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। दो जुलाई को हुई इस घटना की तहरीर पीड़ित बालिका के पिता ने शुक्रवार शाम को दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर डॉक्टर को हिरासत में ले लिया।
क्षेत्र के गांव हमजापुर निवासी डॉ. राकेश वर्मा कस्बे के हमजापुर चौराहा व अपने गांव हमजापुर में चिकित्सालय चलाते हैं। दो जुलाई को क्षेत्र के एक गांव की 11 वर्षीय बालिका पेट दर्द और बुखार की शिकायत लेकर अपने माता-पिता के साथ डॉ. राकेश वर्मा के चिकित्सालय पर पहुंची। डॉ. राकेश वर्मा ने बालिका को भर्ती कर लिया। तीन जुलाई को राकेश वर्मा ने दोपहर बाद तीन बजे बालिका की छुट्टी कर दी। बालिका माता-पिता के साथ घर चली गई। बालिका ने घर जाकर अपनी मां को बताया कि पेट दर्द की जांच करने के लिए डॉ. राकेश वर्मा अंदर कमरे में ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया।
शुक्रवार शाम को बालिका माता-पिता के साथ निगोही थाने पहुंची और प्रभारी निरीक्षक को जानकारी दी। बालिका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने डॉ. राकेश वर्मा के खिलाफ धारा 376 व पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने डॉ. राकेश वर्मा को हिरासत में ले लिया है। उधर, डॉ. राकेश वर्मा ने बताया कि उनके बढ़े प्रभाव से अन्य झोलाछाप चिकित्सकों के यहां रोगियों ने जाना बंद कर दिया। बालिका के माता-पिता को बहकाकर साजिश के तहत झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी है।