कराटे चैंपियन दीपक सागर के व्हाट्स एप पर धार्मिक टिप्पणी करने पर भड़के लोगों ने चौकी घेरकर प्रदर्शन किया। मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
थाना हाफिजगंज के कस्बा रिठौरा में इंटेलीजेंस ब्वायज के नाम से व्हाट्स एप पर 35 लड़कों का ग्रुप है। इस ग्रुप में कस्बे के पढ़ने वाले लड़के एक-दूसरे से अपनी बात शेयर करते रहते हैं। फैज इस ग्रुप का एडमिन है। बुधवार को सुबह सात बजे कस्बे के ही जाटवपुरा वार्ड एक के रहने वाले ग्रुप के मेंबर कराटे चैंपियन दीपक ने इमेज शेयर की। उसमें धर्म विशेष पर टिप्पणी की गई थी। ग्रुप एडमिन और उसके साथी फैजान ने इसका विरोध किया। ग्रुप में ही गाली-गलौज का दौर शुरू हो गया। इस पर दीपक ने मैसेज करके माफी भी मांग ली। कहने लगा कि किसी ने उसे यह इमेज भेजी थी, लेकिन बृहस्पतिवार की शाम तक यह बात कस्बे में फैल गई। कस्बे मेें रजा एक्शन कमेटी के अध्यक्ष फरमूद अंसारी, सभासद रेशमा के पति अब्दुल हलीम और जाने आलम भीड़ के साथ रिठौरा पुलिस चौकी पहुंच गए। उन्होंने चौकी का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
एसपी देहात बृजेश श्रीवास्तव ने देर शाम को चौकी पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन देकर लोगों का समझाकर शांत कि या। एसपी देहात का कहना है कि मामले में दीपक के खिलाफ धार्मिंक भवनाएं भड़काने और आईटी एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी लालकुंआ(उत्तराखंड) में बताया जा रहा है। उसके दादा रिटायर शिक्षक रेवाराम को थाने में बैठा लिया है। एहतियातन कस्बे में फोर्स तैनात कर दी गई है। हालांकि पूरी तरह से शांति है।