बरेली। कौन बनेगा करोड़पति यानी केबीसी में लाखों रुपये का जैकपॉट जीतने का झांसा देकर ठगो ने निर्माण निगम के एक इंजीनियर की पत्नी से मोटी रकम ठग ली। केबीसी में पहुंचने के लिए वह काफी समय से किस्मत आजमा रही थीं। ठगी होने के बाद सदमे में आई महिला को इस बात पर भी हैरत है कि ठगों को आखिर यह कैसे पता लगा कि वह केबीसी से जुड़ी हुई हैं। सोमवार को वह ठगी की रिपोर्ट लिखाने थाना इज्जतनगर पहुंचीं लेकिन पुलिस ने टालमटोल करके उनकी मायूसी और बढ़ा दी।
इज्जतनगर क्षेत्र में स्टेडियम रोड पर स्थित आशापुरम कॉलोनी में रहने वाले निर्माण निगम के इंजीनियर अवधेश प्रताप सिंह की पत्नी सीमा रस्तोगी करीब एक महीने से कौन बनेगा करोड़पति में पूछे जाने वाले सवालों के मेसेज के जरिये जवाब दे रही थीं। सीमा ने बताया कि 14 सितंबर की सुबह उनके नंबर पर एक फोन कॉल आई। उधर से बोल रहे युवक ने खुद को कौन बनेगा करोड़पति की टीम का मेंबर बताया। युवक ने उनसे कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर कौन बनेगा करोड़पति खेलने वाले लोगों में से दस को चुना गया गया है जिन्हें 25 लाख रुपये का जैकपॉट दिया जाएगा। उसने यह भी बताया कि इस लिस्ट में उनका नाम पांचवें नंबर पर है। इसके बाद उन्हें सर्विस चार्ज के तौर पर कुछ रकम जमा करने को कहा। सीमा के मुताबिक उन्होंने दो बार में युवक के बताए बैंक अकाउंट 12,150 और 25 हजार रुपये की रकम जमा कराई। इसके बाद उसने 22 हजार रुपये और जमा करने को कहा तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने रकम वापस करने की बात की तो ठग कन्नी काटने लगा। रविवार रात आखिरी फोन करने के बाद ठगों ने महिला से संपर्क बंद कर दिया।
अमिताभ बच्चन का वीडियो भेजकर दिलाया यकीन
ठगों ने सीमा रस्तोगी को यकीन दिलाने के लिए उन्हें एक वीडियो भी भेजा, जिसमें अमिताभ बच्चन 25 लाख के जैकपॉट के लिए दस लोगों के चुने जाने की घोषणा करते दिखाई दे रहे हैं। इसी वीडियो में आगे स्क्रीन पर विनर नंबर फाइव के तौर पर सीमा रस्तोगी का नाम दिखाया गया है। सीमा रस्तोगी के मुताबिक यह वीडियो देखकर उन्हें यकीन आ गया कि वाकई उनका चयन जैकपॉट के लिए हुआ है। इसी वजह से उन्होंने युवक के बताए एकाउंट नंबर में बताई गई रकम जमा कर दी।