फरीदपुर। नरियावल मंडी से धान बेचकर ट्रैक्टर ट्राली से लौट रहे तीन किसानों को कार से नागा साधु बनकर आए चार बदमाशों ने लूट लिया। बदमाशों ने हाईवे पर दिनदहाड़े तमंचे के बल पर किसानों को रोका और 51 हजार रुपये लूटकर भाग गए। एसपी क्राइम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी लेकर जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के गांव सिमरा हरचंद निवासी पातीराम, सर्वेश और आशु शनिवार को ट्रैक्टर ट्राली में धान लादकर नरियावल बाजार ले गए थे। दोपहर एक बजे तीनों धान बेचकर ट्रैक्टर ट्राली से घर जा रहे थे, तभी फरीदपुर थाना क्षेत्र में मानसस्थली विद्यालय और फ्यूचर कॉलेज के बीच एक सफेद कार पीछे से आई और ट्रैक्टर के आगे आकर रुक गई। ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाकर ट्रैक्टर-ट्राली रोक दी। तीनों किसान कुछ समझ पाते कि कार में बैठे चार नागाओं ने तमंचे दिखाकर सर्वेश से 17 हजार, पातीराम से 16 हजार और आशु से 18 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देकर बदमाश कार से शाहजहांपुर की ओर चले गए। हाईवे पर दिनदहाड़े हुई लूट से पुलिस में खलबली मच गई। एसपी क्राइम रमेश भारतीय घटनास्थल पर पहुंच गए और मुआयना किया। किसानों से बदमाशों के हुलिया की भी जानकारी ली। थाना पुलिस ने लुटेरों की तलाश की लेकिन कोई भी पकड़ में नहीं आ सका। देर शाम तक किसी ने रिपोर्ट करने के लिए तहरीर थाने में नहीं दी है।
रकम को लेकर गफलत
नागा साधुओं पर लग रहे आरोप से अफसर भी हैरान हैं। आमतौर पर नागा साधू किसी बात पर झगड़ा तो कर सकते हैं लेकिन उन पर लूट का आरोप गले नहीं उतर रहा। हालांकि अफसर यह मान रहे हैं कि नागा साधु के वेश में पेशेवर लुटेरों ने ही वारदात की होगी। वहीं, लूट की रकम को लेकर भी संशय है। पीड़ितों ने यूपी-112 पर जो सूचना दी उसमें 80 हजार रुपये लुटने की बात कही थी, लेकिन फिर 51 हजार रुपये लूटने की बात सामने आई।
यहीं लुटा था बिजली कर्मचारी
करीब दो महीने पहले फरीदपुर से बरेली जा रहे बिजली कर्मचारी से फ्यूचर कॉलेज के पास ही बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बैग छीन लिया था। बिजली बिल के रुपये बैंक में पहले ही जमा कर देने की वजह से बदमाशों के हाथ कुछ खास माल नहीं लगा था। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया था। अब ठीक उसी स्थान पर फिर वारदात होने से पुलिस को बदमाश एक बार फिर चुनौती दे गए।
घटनास्थल से सौ मीटर की दूरी पर रहती है यूपी 112
घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर दोनों तरफ शाहजहांपुर और बरेली की ओर यूपी 112 पुलिस की गाड़ियां खड़ी रहती है। यह गाड़ियां गौसगंज मोड़, रिलायंस पेट्रोल पंप या जेड ढाबे के आसपास रहती हैं और इसी इलाके में गश्त करती हैं। इसके बाद भी लुटेरे दिनदहाड़े हाईवे पर लूट की वारदात को अंजाम देकर भागने में सफल रहे।