फरीदपुर। ग्राम पंचायत जटुआ के ग्राम बिकनापुर में कोटेदार के चयन में पक्षपात के आरोप में दो पक्षों में विवाद हो गया। कुछ देर में लाठी-डंडे चलने के साथ पथराव शुरू हो गया। इसमें दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इस दौरान चुनाव करा रहे एडीओ पंचायत से भी अभद्रता की गई। उन्होंने मौके भागकर और कमरे में छिपकर जान बचाई। इसी बीच पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर बितर किया। मामले में एक पक्ष ने दूसरे पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फरीदपुर तहसील के ग्राम पंचायत जटुआ के ग्राम बिकनापुर में गुरुवार को कोटेदार का चयन होना था। बताते हैं कि करीब छह माह पूर्व कोटे को निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद से नए कोटेदार की प्रक्रिया शुरू हो गई। बताते हैं पहले एक अक्तूबर को कोटेदार का चयन होना था लेकिन कुछ विवाद के कारण टल गया। इसके बाद 17 अक्तूबर की तिथि निर्धारित की गई। गुरुवार की सुबह की दोनों पक्ष अपने-अपने समर्थकों के साथ बिकनापुर के प्राथमिक विद्यालय में जुटने लगे। एडीओ पंचायत अभय कुमार मौके की नजाकत को देखते हुए थाना फरीदपुर को सूचित किया। मौके पर फोर्स भी पहुंच गई। खुली बैठक में सुबह 10 बजे से प्राथमिक विद्यालय में वोटिंग शुरू हुई। पुष्पा देवी तथा शतरूपा के बीच वोटिंग के लिए अलग-अलग दो लाइनें लगाई र्गइं। पहले पुष्पा देवी के वोटों की गिनती शुरू हुई। बताया जाता है कि पुष्पा देवी को 339 वोट प्राप्त हुए। इसके बाद दूसरे पक्ष शतरूपा की गिनती शुरू हुई। एक-एक करके मोटर गिने जा रहे थे। 364 वोट शतरूपा के पक्ष में पडे़। इसी बीच पुष्पा पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि गणना सही से नहीं की गई है। पक्षपात पूर्ण गणना की गई है। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बीच दोनों पक्षों की तरफ से लाठी-डंडे चलने के साथ पथराव होने लगा। इसी बीच चुनाव करा रहे एडीओ पंचायत अभय कुमार के साथ भी लोगों ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। अजय कुमार ने भाग कर अपने को स्कूल के कमरे में बंद कर लिया। पथराव और एडीओ पंचायत के साथ अभद्र व्यवहार होने के बाद पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। इस पर भीड़ तितर बितर हो गई। मारपीट और पथराव में एक विशेष नाम के एक ग्रामीण का सिर फूट गया तथा आधा दर्जन से अधिक घायल हो गए। बताते हैं कि घटना की सूचना के बाद थाने से और पुलिस पहुंच गई। इसके बाद एडीओ पंचायत कमरे से बाहर आए। पुलिस ने विशेष की तरफ से कोतवाली में सुखबीर, सतेंद्र समेत चार लोगों पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कम पुलिस होने से बढ़ता गया विवाद
मारपीट और पथराव के दौरान पुलिस वालों की संख्या कम होने से उन्हें भीड़ को नियंत्रित करने में काफी समय लगा। सूचना पर थाने से जब तक पुलिस पहुंची मामला शांत हो चुका था।
कोटेदार चयन में शतरूपा को 364 वोट मिले और उन को विजई घोषित किया गया। इस पर कुछ लोगों ने मेरे साथ अभद्र व्यवहार किया। मुझे स्कूल के कमरे में बंद होना। घटना की कोई तहरीर मेरी तरफ से थाने में नहीं दी गई है। - अभय कुमार, एडीओ पंचायत ब्लॉक भुता