बरेली। होली स्थल विवाद के बाद स्वालेनगर का एक और मामला सामने आया है। छुटभैया नेता ने कब्रिस्तान की जमीन पर ही अवैध कब्जा करा दिया। कुछ लोगों ने घर बनवा दिए और मांझा के अड्डे लगवाकर उनसे अवैध वसूली की जा रही है। मगर अफसर खामोश बैठे हैं।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि रामपुर रोड स्थित स्वालेनगर कब्रिस्तान का सामने का हिस्सा कुछ साल पहले तक करीब 90 फुट चौड़ा हुआ करता था। क्षेत्र के एक छुटभैया नेता की इस पर नजर लग गई तो उसने इसके आगे का तमाम हिस्सा कब्जा करा दिया, जिसमें लोगाें ने मकान बना लिए। वहीं, करीब सात-आठ बीघा जमीन पर मांझा कारीगरों के अड्डे लगवा दिए हैं और छुटभैया नेता के आदमी उनसे हर महीने रुपये वसूल ले जाते हैं। पिछले दिनों इस नेता एक महिला को कब्रिस्तान के अगले हिस्से में ही करीब 200 गज जमीन पर कब्जा दे दिया। महिला ने जब निर्माण शुरू किया तो आसपास के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। मामले की शिकायत डीएम तक पहुंची तो उन्होंने लेखपाल को जांच के आदेश दिए। बताया जाता है कि लेखपाल की पैमाइश में महिला का कब्जा अवैध साबित हुआ। महिला से कागज दिखाने को कहा तो उसने छुटभैया नेता का नाम ले लिया। इसके बाद निर्माण तो बंद हो गया, मगर कार्रवाई आज तक नहीं हुई। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है।