बरेली। शौहर ने किराये के घर में रह रही बीवी से गालीगलौज कर उसे तीन तलाक दे दिया। पीड़ित महिला का आरोपी के साथ दूसरा निकाह था। पहले पति से महिला के तीन बच्चे हैं। बारादरी पुलिस ने शौहर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बारादरी के जगतपुुर गौंटिया निवासी रुकैया जमाल ने बताया कि उनका दूसरा निकाह इज्जतनगर के मठलक्ष्मीपुर निवासी अली अहमद से 29 सितंबर को हुआ था। उनके पहले पति से दो बेटे और एक बेटी है। तीनों बच्चे उनके साथ ही रहते हैं। शादी के बाद से ही अली अहमद ने रुकैया को किराये के घर में रखा। कहा, पहली पत्नी से चल रहा विवाद खत्म होने के बाद उसे घर ले जाएगा, लेकिन बाद में भी पति और ससुरालियों ने उन्हें घर नहीं आने दिया। अली अहमद कई-कई दिन घर नहीं आता। आने के बाद मारपीट करता और खर्चे के लिए रुपये नहीं देता तो रुकैया ने घरेलू हिंसा और भरण-पोषण का मुकदमा दायर कर दिया। 23 जून को रुकैया को अली अहमद ने व्हाट्सएप पर तीन तलाक देने का मेसेज किया। रुकैया ने तलाक आमने-सामने होने की बात कही तो 29 जून की शाम अली अहमद रुकैया के घर पहुंचा और गालीगलौज कर तीन तलाक दे दिया। बारादरी पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद