फरीदपुर। नगर के सीएएस इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों के दो गुट स्कूल के बाहर रोड पर भिड़ गए। एक गुट के छात्रों ने बाहरी लोगों को बुलाकर दूसरे गुट के छात्रों को जमकर बेल्टों से पीटा। मारपीट का वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस ने एक बाहरी युवक को हिरासत में ले लिया, लेकिन बाद में शांति भंग की कार्रवाई कर छोड़ दिया।
स्टेशन रोड पर सीएएस इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों के दो गुट मंगलवार को आपस में भिड़ गए। एक गुट के छात्रों ने बाहरी लोगों को बुला लिया। मौके पर पहुंचे बाहरी लोगों ने दूसरे गुट के छात्रों को जमकर बेल्ट और डंडों से पीटा। मारपीट की घटना का कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने नगर के मोहल्ला लाइनपार मठिया निवासी जीशान को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है। क्षेत्र के ग्राम नवादा बन निवासी छात्र ऋषभ ने मारपीट करने वाले छात्रों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। उसने बताया कि वह सीएस इंटर कॉलेज में पढ़ता है। मंगलवार को कोचिंग पढ़ने जाते समय सात-आठ लड़कों ने उसे घेर लिया और गालीगलौज करते हुए बुरी तरह से पीटा।
पहले भी कॉलेज के बाहर छात्रों के दो गुटों में हो चुकी है मारपीट
पहले भी कई बार कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों के बीच मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। उनमें जमकर लाठी-डंडे चले हैं। मारपीट के मामले पहले भी थाने पहुंचे, लेकिन छात्रों के भविष्य को देखते हुए हर बार अभिभावक बीच में पड़कर समझौता करा देते हैं। इधर, प्रधानाचार्य राजेश शर्मा ने बताया की जिन छात्रों में मारपीट हुई थी, वे मंगलवार को स्कूल नहीं आए थे। उनमें स्कूल के बाहर मारपीट हुई होगी, जो मेरे संज्ञान में नहीं है।