बदायूं। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने बीएसए से अभद्रता करने वाले आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दी लेकिन अब तक उसका पता नहीं चला। उसे तलाश करने के लिए कुछ मुखबिर भी लगाए गए हैं, जिससे उसका सुराग लगते ही पुलिस सही मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर सके।
मंगलवार को आरोपी बलवीर सिंह ने कार्यालय में घुसकर बीएसए डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह से अभद्रता की थी। उस दौरान बीएसए खंड शिक्षा अधिकारियों के साथ बैठकर ऑनलाइन मीटिंग कर रहे थे। उनके सामने कुर्सी पर जिला व्यायाम शिक्षक और जिला स्काउट मास्टर बैठे थे। इसी दौरान आरोपी बलवीर एक रायफलधारी के साथ कार्यालय पहुंचा। उसने जबरन अपना काम कराने को कहा। जब बीएसए ने काम करने से मना किया तो उसने गालीगलौज शुरू कर दी। इतना नहीं उन्हें मंत्री के यहां तलब कराने तक की धमकी दे दी। इस पर बीएसए ने आरोपी बलवीर सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी।
इधर, मामला दर्ज होने के बाद थाना सिविल लाइंस पुलिस ने आरोपी की तलाश में उसके घर पर दबिश दी लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस बृहस्पतिवार को भी कई ठिकानों पर दबिश दी। वहां भी पुलिस के हाथ खाली रहे। संवाद