फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शाहजहांपुर में बुजुर्ग की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, भाग खड़े हुए पुलिस कर्मी

विज्ञापन
मृतक बलवीर का फाइल फोटो - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
शाहजहांपुर। थाना कांट क्षेत्र के इंदेपुर गांव में मंगलवार को चुनावी रंजिश में घायल अपने भाई मौजीराम को चार पुलिस कर्मियों के साथ अस्पताल लेकर जा रहे अनुसूचित जाति के बलवीर (63) को प्रधान और उसके साथियों ने दोबारा हमला कर लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला। हमलावरों के भय से पुलिस कर्मी भाग खड़े हुए। सात अन्य लोगों को भी जख्मी कर दिया। पुलिस ने प्रधान समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक के परिजनों और पूर्व प्रधान पक्ष के लोगों ने शव रखकर जाम भी लगाया।
विज्ञापन

थाना कांट क्षेत्र के गांव इंदेपुर निवासी पूर्व प्रधान वीरेंद्र की गांव के मौजूदा प्रधान हरिराम से चुनाव को लेकर रंजिश चल रही है। 24 जून को वीरेंद्र ने हरिराम और उसके साथियों पर फर्जी किसान दिखाकर गेहूं की तौल कराने और करीबियों के खातों में सरकारी रुपये डलवाने का आरोप लगाकर डीएम इंद्र विक्रम सिंह से शिकायत की थी। इसी की रंजिश में मंगलवार सुबह वीरेंद्र के परिवार के सदस्य मौजीराम पर हरिराम पक्ष के लोगों ने उस समय हमला कर दिया जब वह गांव के मंदिर में पूजा-पाठ करने गए थे।
सूचना मिलने पर मौजीराम के भाई बलवीर और उसके परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कांट थाने की पुलिस घायल मौजीराम को परिजन के साथ लेकर अस्पताल जा रही थी तभी चौराहे पर दोबारा प्रधान हरिराम और उसके साथी लाठी-डंडे लेकर आ गए। हमलावरों के आक्रामक तेवर देखकर घायल के साथ जा रहे चार पुलिसकर्मी मौके से भाग गए। इसके बाद हमलावरों ने घायल मौजीराम के भाई बलवीर (63) को जमकर लाठी-डंडों से पीटा। मारपीट में बलवीर के परिवार के सात अन्य लोग नीटू, पंकज, ओमप्रकाश, अरुण, अमित, सीमा आदि घायल हो गए।
विज्ञापन

घटना की सूचना के बाद थाने से काफी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तब तक हमलावर भाग चुके थे। पुलिस ने गंभीर घायल मौजीराम को राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया, जबकि बलवीर को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मामूली रूप से घायलों का इलाज कर छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बलवीर के बेटे नीटू की तहरीर पर प्रधान समेत आठ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इधर, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक के परिजनों और पूर्व प्रधान पक्ष के लोगों ने कांट रोड पर शव रखकर दो घंटे जाम भी लगाया। बाद में सीओ सदर अरविंद कुमार के आश्वासन पर यह लोग शांत हुए।
---------
पुलिस की लापरवाही से बलवीर की हुई हत्या
पूर्व प्रधान वीरेंद्र ने बताया कि सोमवार की रात गांव के रहने वाले रिषीपाल के घर में दावत चल रही थी। दावत के दौरान भी हरिराम पक्ष के लोगों ने हमला किया था। रात में ही पुलिस को बुलाया गया था, लेकिन पुलिस ने उल्टा हमला करने वाले प्रधान पक्ष के उमेश की तहरीर पर पीड़ित पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। पूर्व प्रधान का आरोप है कि प्रधान के दबाव में आकर बगैर जांच कर पुलिस ने रात में ही पीड़ित पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में लेकर थाने में बैठा लिया था।
रात में ही पुलिस अगर आरोपी प्रधान पक्ष के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कर लेती तो मंगलवार सुबह बलवीर की हत्या नहीं होती। पूर्व प्रधान का आरोप है कि गांव में प्रधान कागजों में फर्जी किसान दिखाकर गेहूं की खरीद और उसकी तौल कराने का फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। इसकी शिकायत उसने 24 जून को डीएम से की थी। सोमवार की सुबह भी उन्होंने एसपी से शिकायत की थी। इसी को लेकर मौजूदा प्रधान रंजिश मानने लगा।
विज्ञापन

--------
दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। इसमें एक पक्ष के बुजुर्ग की मौत हो गई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुुरू कर दी है।
- संजय कुमार, एसपी सिटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें