पीलीभीत। नेपाल पुलिस की गोली लगने से भारतीय युवक की मौत के मामले में परतें खुलने लगी हैं। एसएसबी और राजस्व टीम की जांच में घटना स्थल नेपाल सीमा का पाया गया है। इसकी रिपोर्ट आला अधिकारियों को भेज दी गई है। इसके साथ ही भारतीय अफसर घटनास्थल नेपाल का बताकर मृतक के पिता की ओर से दी गई तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार कर रहे हैं।
चार मार्च बृहस्पतिवार को नेपाल पुलिस की गोली लगने से हजारा थाना क्षेत्र के टिल्ला नंबर चार गांव निवासी 22 वर्षीय गोविंदा की मौत हो गई थी। उसका साथी गुरमेज सिंह घायल हो गया था, जबकि दो अन्य साथी पप्पू और रेशम सिंह सुरक्षित बच गए थे। नेपाल पुलिस ने मामला तस्करी से जुड़ा बताया है, जबकि परिवार वाले खेत पर काम करते वक्त भारतीय सीमा में घुस कर नेपाल पुलिस पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। रविवार को मृतक के पिता गुरुदेव सिंह ने नेपाल पुलिस के खिलाफ हजारा थाने में तहरीर दी थी। भारतीय अधिकारियों ने घटनास्थल को लेकर एसएसबी और राजस्व टीम से जांच कराई। एसएसबी और राजस्व टीम की जांच रिपोर्ट में घटनास्थल नेपाल क्षेत्र का बताया गया है। ऐसे में अभी तहरीर पर कार्रवाई नहीं होगी।
सीमा पर आवाजाही सामान्य कराने पर जोर
घटना को लेकर शासन स्तर से भी नेपाल सीमा पर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे। ऐसे में सख्ती बरकरार है। सोमवार को भी आवाजाही पहले की तरह सामान्य नहीं हो सकी। अधिकारी भी निगाह बनाए रहे। दोनों तरफ के लोग भी बच रहे हैं, जबकि सामान्य तौर पर दोनों देशों के लोग मजदूरी समेत अन्य कामों के लिए आवाजाही करते हैं। अधिकारी खुद निगाह रख रहे हैं। कच्चे रास्तों पर विशेष पेट्रोलिंग की जा रही है।
टीम के नेपाल जाने को लेकर असमंजस बरकरार
दो दिन पहले हुई दोनों देशों के अधिकारियों की बैठक में तय हुआ था कि भारतीय अधिकारियों के अलावा मृतक के परिवार वाले नेपाल आकर घटनास्थल देख सकते हैं। तस्करी में हुई बरामदगी के बारे मेें भी कोई सवाल है तो उसे लेकर संतुष्ट किया जाएगा। निष्पक्ष जांच का भी आश्वासन मिला था। मगर अभी तक इन सभी बातों पर कोई कदम नहीं उठाया जा सका है। न तो टीम नेपाल जा सकी है। न ही नेपाल की ओर से कराई जा रही जांच के बारे में कुछ बताया गया है।
रिश्तेदारों ने उठाए सवाल, पिता ने साधी चुप्पी
मृतक गोविंदा के परिवार वाले भी अभी कोई जल्दबाजी नहीं करना चाह रहे। रिश्तेदार हरविंदर ने पुलिस की कार्यशैलेी पर सवाल खड़े किए हैं। वह अब तक हुई कार्रवाई से असंतुष्ट दिखे। वहीं पिता ने सोमवार को चुप्पी साध ली। उनका कहना था कि वह अभी इस मसले पर कुछ नहीं कहेंगेे।
परिवार की ओर से नेपाल पुलिस के खिलाफ तहरीर दी गई है। मगर, एसएसबी और राजस्व की टीम से कराई पड़ताल में घटनास्थल नेपाल क्षेत्र का निकला है। पूरे मामले की रिपोर्ट बनाकर एडीजी जोन बरेली को भेजेंगे। - जयप्रकाश, एसपी
पूर्व विधायक और परिवार की बातचीत का वीडियो वायरल
पूरनपुर नेपाल पुलिस की गोली लगने से भारतीय युवक की मौत के मामले में भले ही परिवार वाले खुलकर कुछ न बोल रहे हो, मगर सोमवार शाम को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ है। इसमें सपा के पूर्व विधायक पीतमराम, परिवार वाले और ग्रामीण आपस में बातचीत कर रहे हैं। पूर्व विधायक से सभी यह शिकायत कर रहे हैं कि उन पर दबाव बनाया जा रहा है। अभी तक नेपाल न ले जाए जाने पर भी नाराजगी जताई गई है। इसमें पूर्व विधायक सभी को एसपी से मुलाकात करने का सुझाव दे रहे हैं।