बरेली। शाहजहांपुर और बरेली में कागजों पर कारोबार करने वाली तीन बोगस फर्म पकड़े जाने के बाद वाणिज्य कर विभाग इन फर्मों से लेनदेन करने वाले कारोबारियों को चिन्हित करने में जुट गया है। बताया जा रहा है कि छानबीन की शुरुआत में ही मंडल में दर्जन भर से ज्यादा कारोबारी विभाग के रडार पर आ गए हैं।
एक गोपनीय सूचना पर एडिशनल कमिश्नर आरके पांडे ने बरेली मंडल में 18 फर्मों की जांच कराई तो इनमें हिंदुस्तान ट्रेडर्स जलालाबाद (शाहजहांपुर) और बरेली की देवचरा मंडी में श्री श्याम जी ट्रेडर्स और एमएम इंटरप्राइजेज नाम की फर्म बोगस कारोबार करती पकड़ी गईं। अब वाणिज्य कर के प्रवर्तन दल ने इन तीनों फर्मों से जब्त अभिलेखों की छानबीन शुरू कर दी है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक टीमें इन अभिलेखों में कारोबारी लेनदेन की जांच करेंगी। यानी देखा जाएगा कि इन फर्मों ने किन-किन व्यापारियों के बिल काटे हैं और कहां से माल खरीदना दिखाया है।
बताया जा रहा है कि तीनों बोगस फर्म काफी समय से कई व्यापारी और प्रतिष्ठानों के लिए बिल काटती रही हैं। कागजों पर होने वाला यह लेनदेन करोड़ों में होता था जबकि असल में बिल तो काटे जाते थे लेकिन तीनों में से कोई भी फर्म न कोई माल लेती थी न सप्लाई करती थी। वाणिज्य कर विभाग की कार्रवाई के बाद कारोबारियों में बेचैनी का माहौल है।