बरेली। मीरगंज थाना पुलिस ने कुछ महीने पहले एक सैनिक को 13.40 लाख रुपये के साथ कार से पकड़ा था। कार में उसके साथ रकम बरामद की गई थी। उसके साथ में तीन स्मैक तस्कर भी पकड़े गए थे। जेल से जमानत पर छूटने के बाद अब सैनिक खुद को बचाने के लिए पुलिस पर झूठे आरोप लगा रहा है। एसपी देहात ने बताया कि सैनिक के निलंबन के लिए सेना को लिख दिया गया है। उस पर गैंगस्टर भी लगाया जा रहा है।
थल सेना में लांस नायक के पद पर तैनात राजू हुसैन थाना मीरगंज के गांव हल्दी खुर्द का निवासी है। छह महीने पहले मीरगंज पुलिस ने उसे तीन स्मैक तस्करों के साथ कार से गिरफ्तार किया था। राजू के पास से 13.40 लाख रुपये भी बरामद हुए थे। स्मैक तस्करों से दोस्ती और बरामद रकम के बारे में कोई प्रमाणिक जानकारी न दे पाने पर पुलिस ने सैनिक और उसके साथियों को जेल भेज दिया था।