गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी)। कोतवाली क्षेत्र के गांव पुनर्भूग्रंट की गुप्ता कॉलोनी में 26 जनवरी की दोपहर तमंचे से गोली लगने से छात्रा दिव्या की मौत की वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है। इस संबंध में अब तक परिवार वाले जहां इसे आत्महत्या बता रहे हैं वहीं पुलिस तमंचे से गोली चलने के कारण इस मामले को संदिग्ध बता रही है, यह और बात है कि अब तक तमंचे को लेकर स्थिति साफ नहीं सकी है। इस संबंध में छात्रा की कॉल डिटेल भी निकलवाई जा रही है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मामले में परिवार वालों ने किसी तरह की तहरीर नहीं दी है।
बेटी की मौत के गम में मां नेहा भारती की मंगलवार की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। पुत्र सुशील ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज कराया गया। घर आने के बाद शोक में डूबी मां नेहा और भाई सुशील के अलावा परिवार वालों ने बताया कि एक साल पहले दिव्या को दिमागी बुखार आया था। काफी दिनों तक वह अस्पताल में भर्ती रही। उसके बाद से उसका स्वभाव काफी चिड़चिड़ा हो गया था। वह बात-बात पर आग बबूला हो जाती थी। घटना के एक दिन पूर्व सुबह जल्दी न उठने और पढ़ाई में मन न लगाने को लेकर जब उसे डांटा तो वह काफी नाराज हो गई, उस समय भी उसने फंदा लगाकर खुदकुशी की कोशिश की पर परिवार वालों ने बचा लिया। बाद में वह कोतवाली पहुंच गई और वहां शिकायत कर दी, जिसके बाद उसे मनाकर घर लाया गया। दिव्या की मां के अनुसार, 26 जनवरी को वह सुशील के साथ आंगनबाड़ी केंद्र चली गईं तो अन्य बच्चे स्कूल। दिव्या घर पर अकेली थी, इस दौरान गुस्से में उसने तोड़फोड़ भी की और बाद में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मोहल्ले वालों का कहना है कि घटना से पहले दिव्या को साइकिल से दो बार कहीं आते जाते देखा गया। इस पर परिवार वालों का कहना है कि शायद दिव्या कहीं किसी से तमंचा और कारतूस लेकर आई थी। वह लोग भी दिव्या को तमंचा कहां से मिला, इस संबंध में सुराग तलाश कर रहे हैं। उधर, पुलिस भी तमंचे से आत्महत्या करने के परिवार के कथन को लेकर घटना को संदिग्ध मानते हुए हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने की कोशिश कर रही है।
पुलिस कई बिन्दुओं पर कर रही है जांच
एएसपी शैलेेंद्र लाल बताते हैं कि इस बात की अभी गहराई से जांच चल रही है कि आखिर छात्रा के पास तमंचा और कारतूस कैसे पहुंचे। इसके अलावा अन्य कई बिंदु ऐसे हैं, जिन पर जांच की जा रही है। छात्रा और उसके परिवार के नंबरों की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। संभावना है कि कॉल डिटेल मिलने के बाद पुलिस की जांच आगे बढ़ सकेगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दिव्या की मौत की वजह गोली लगना दर्शाया गया है। तमंचा मिलने की वजह तलाशी जा रही है। इस बावत परिवार वालों से भी बात की गई है। परिवार वालों का कहना है कि दिव्या को जब उन्होंने डांटा तो उस समय भी उसने खुदकुशी की कोशिश की थी। तमंचे की वजह से घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। परिवार वालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। अब तक कुछ स्पष्ट नहीं है कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का। जांच जारी है।
-डीपी तिवारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गोला