बरेली। सफाई व्यवस्था देखने निकले वार्ड 29 के सभासद से उनके मोहल्ले के ही एक व्यक्ति और उसकी पत्नी ने झगड़े के बाद उन पर तमंचा तानकर मारपीट की। फिर धमकाते हुए भाग निकले। सभासद की शिकायत पर दंपति के खिलाफ इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। हालांकि मोहल्ले के लोगों ने ऐसी किसी भी घटना होने से इंकार कर दिया।
इज्जतनगर क्षेत्र के रहपुरा चौधरी वार्ड 29 निवासी आशिक हुसैन ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह इलाके की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकले थे। इसी बीच साबिर की दुकान पर मोहल्ले का ही डायरेक्टर उर्फ इस्लाम खां पहुंचा और उनसे गालीगलौज करने लगा। शोर सुनकर उसकी पत्नी भी पहुंच गई। आशिक ने इसका विरोध किया तो इस्लाम ने उन पर तमंचा तान दिया और दोनों उनसे मारपीट करने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो उन्हें बचाया गया। हालांकि मोहल्ले के लोगों ने मारपीट की ऐसी कोई भी घटना होने से इंकार कर दिया। बताया कि दोनों का कुछ लेनदेन का विवाद चल रहा है।