गोला गोकर्णनाथ। तहसील सदर क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेहटा के मजरा गांव बेरिहा मे बृहस्पतिवार की देर शाम अलाव से आग लगने से सात घर जल गए हैं, जिनमें हजारों का नुकसान हुआ है।
गांव निवासी गंगाराम के घर के सामने बच्चे शाम को अलाव ताप रहे थे। पड़ोस में लगी फूस की टटिया में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे नैमीलाल, दिनेश कुमार, धर्मेंद्र, रामकुमार, श्रीकृष्ण, रामकिशोर, जयराम के घर जल कर राख हो गए। इन घरों में कपड़ा, बिस्तर, चारपाई, नकदी समेत हजारों का सामान जलकर राख हो गया है। ग्रामीणों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया गया। ग्राम प्रधान हरिवंश चौधरी ने तहसील प्रशासन को सूचना दी। गांव पहुंचे कानूनगो बदन सिंह यादव, क्षेत्रीय लेखपाल जसकरन लाल ने मौका मुआयना कर अग्नि पीड़ितों को कंबल वितरित किए हैं। संवाद