बहेड़ी के नदेली रोड पर बरातघर की घटना, छर्रे लगने से घायल, मची अफरातफरी
बहेड़ी। नदेली रोड पर एक बरातघर में डीजे पर डांस कर रहे युवक को कार से आए तीन हमलावरों ने गोली मार दी। हालांकि उसे छर्रे ही लगे जिससे उसकी जान बच गई। अफरातफरी के बीच हमलावर फरार हो गए। पुलिस डांस करने के दौरान गिरने की बात कह रही है।
मोहल्ला केशवपुरम निवासी पूर्व कानूनगो की बेटी की शादी का इंतजाम कस्बे के एक बरातघर में था। बरात भोजीपुरा के गांव मल्लपुर से आई थी। दरवाजे की रस्म चल रही थी। बरात में मल्लपुर का शेर सिंह (21) भी आया था। रात 11 बजे के करीब दोस्तों के साथ वह डीजे पर डांस कर रहा था। इसी बीच एक काले रंग की कार में सवार तीन लोग बरातघर के बाहर उतरे। तीनों सीधे डीजे के पास पहुंचे और तमंचे से शेर सिंह पर फायर कर दिया। शेर सिंह के चेहरे पर कुछ छर्रे लगे तो वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। गोली की आवाज पर बरातघर में अफरातफरी मची तो हमलावर फरार हो गए। हालांकि डीजे पर डांस कर रहे कुछ लड़कों ने उनका पीछा किया लेकिन हमलावरों ने असलहा तान दिया, जिससे वह रुक गए। घायल शेर सिंह ने बताया कि उसकी किसी से दुश्मनी नहीं है। गोली मारने वालों को भी वह देख नहीं सका है। सीएचसी के एक डॉक्टर ने बताया कि चोट तो गंभीर है। छर्रे लगने से ही ऐसे जख्म के निशान होते हैं। बहेड़ी इंस्पेक्टर राम अवतार सिंह ने बताया कि घायल ने थाने में डांस से गिरने की बात बताई है। बरातघर में कुछ लोग गोली चलने की बात कह रहे हैं। अगर गोली चली है तो युवक की किसी से रंजिश होगी या फिर प्रेमप्रसंग का मामला होगा। सीसीटीवी फुटेज से पहचान की जाएगी।