बवाल की रिपोर्ट में नामजदों की गिरफ्तारी को बनेंगी टीमें
बरेली। आईएमसी प्रमुख का धरना खत्म होने के बाद खुराफात के इरादे से आजाद इंटर कॉलेज में इकट्ठा हुए बाहरी लोगों पर पुलिस नए सिरे से कार्रवाई करेगी। उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें भी बनाने की तैयारी है।
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर इस्लामिया ग्राउंड में आईएमसी प्रमुख ने धरना 12 जनवरी को शुरू किया था। 15 जनवरी को इसे खत्म भी कर दिया था। इसके बाद धरने में शामिल कुछ बाहरी लोग यहां से हटकर आजाद इंटर कॉलेज में बैठ गए थे। देर रात पुलिस ने उनको यहां से खदेड़ भी दिया था। इनमें पकड़े गए उधम सिंह नगर निवासी रिजवान को जेल भेजकर जांच की गई थी तो उसके फोन में भी कई बाहरी लोगों से बातचीत के सबूत और पुलिस की कार्रवाई पर माहौल खराब करने के लिए भेजे मेसेज मिले थे। शनिवार को उसकी जमानत हो गई। अब पुलिस इसके व अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज की गई रिपोर्ट में नए सिरे से कार्रवाई करेगी। पहले शांतिभंग में चालान किया गया था लेकिन अब रिपोर्ट में दर्ज धाराओं के मुताबिक मामले की जांच की जाएगी। साथ ही उन लोगों के नेटवर्क भी पुलिस खंगाल रही है।