बरेली। बदायूं रोड पर बदमाशों ने एक व्यक्ति को प्रसाद में नशा देकर उसका ई-रिक्शा लूट लिया। एसपी क्राइम के आदेश पर सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सुभाषनगर क्षेत्र के शांति बिहार निवासी कृष्णपाल ने बताया कि आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण उन्होंने मोहल्ले के ही एक व्यक्ति से ई-रिक्शा लिया था। शनिवार शाम करीब छह बजे करगैना इलाके में गन्ना मिल गेट पर एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बातचीत के बाद प्रसाद खाने को दिया। प्रसाद खाते ही वह बेहोश हो गए। कुछ देर बाद होश आया तो वह सड़क किनारे पड़े थे और ई-रिक्शा गायब था। इसके बाद वह शिकायत करने सुभाषनगर थाने पहुंचे तो पुलिस ने उसे टहला दिया गया।
गैंग का सरगना अब तक नहीं पकड़ा गया
इज्जतनगर में क्षेत्र में पिछले मंगलवार की रात कुछ ही घंटों में दो ऑटो ड्राइवरों से हुई लूट के मामले में पुलिस ने गैंग के दो आरोपी मठकमलनैनपुर निवासी सोनू और राहुल कश्यप को दो दिन बाद ही एक दुकान पर चाय पीते पकड़ लिया था। जबकि गैंग का सरगना गोलू और एक अन्य साथ भाग निकले थे। पुलिस अभी तक उनको नहीं पकड़ पाई है।