बरेली। दबंगों ने ठेकेदार और मजदूरों पर हमला कर व्यापारी से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगते हुए प्लाट का निर्माण रुकवा दिया। व्यापारी ने थाना बारादरी में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इज्जतनगर क्षेत्र के महानगर निवासी व्यापारी अंबरीश ग्रोवर ने कुछ समय पहले बारादरी क्षेत्र स्थित लक्ष्मीनगर कालोनी के फेस टू में एक प्लॉट खरीदा था। रविवार को उन्होंने ठेकेदार राहुल गंगवार और कुछ मजदूरों को वहां काम शुरू करने भेजा था। अंबरीश का आरोप है कि काम शुरू होते ही इलाके के महेंद्र गुर्जर और दीपक शंखधार अपने 10-15 अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवा दिया। ठेकेदार के विरोध पर महेंद्र ने एक हवाई फायर कर उसके साथ मारपीट की, जिसमें वह घायल हो गया। आरोप है कि दबंगों ने दोबारा निर्माण शुरू कराने के लिए पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी है।