नवाबगंज तहसील परिसर में एटी करप्शन टीम ने की कार्रवाई
जमीन की तूदाबंदी के नाम पर हो रही थी उगाही, एफआईआर दर्ज
नवाबगंज (बरेली)। पिछले साल भ्रष्टाचारियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करने वाली एंटीकरप्शन टीम ने नए साल में फिर धरपकड़ शुरू कर दी है। नवाबगंज में किसान को उसके खेत की कब्जाई जगह वापस दिलाने के बजाय लेखपाल ने दबाव बनाने के लिए उसी जमीन पर चकरोड निकाल दिया। इसे दुरुस्त करने के नाम पर चार हजार रिश्वत लेते लेखपाल को एंटी करप्शन ने सोमवार को तहसील परिसर में रंगे हाथ पकड़ लिया। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मंगलवार को उसे जेल भेजा जाएगा।
तहसील नवाबगंज के भदपुरा ब्लॉक के नकटपुर गांव निवासी रामपाल सिंह काश्तकार हैं। आरोप है कि उनके पड़ोसी किसान ने हल्का लेखपाल से साठगांठ कर रामपाल की पत्नी सर्वेश कुमारी की 12 बीघा जमीन का कुछ हिस्सा अपनी भूमि में मिला लिया है। रामपाल इसी भूमि की पैमाइश कर तूदाबंदी कराना चाहते थे। रामपाल के मुताबिक उन्होंने कई बार सीधे तो कई बार संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी पर समाधान नहीं हो सका।
रामपाल ने बताया कि जब वह हल्का लेखपाल रामचंद्र से मिले तो उन्होंने नाप कराकर भूमि वापस कराने के बदले चार हजार रुपये की मांग की। परेशान किसान ने लेखपाल को सबक सिखाने के लिए एंटीकरप्शन टीम से शिकायत कर दी। सोमवार दोपहर रामपाल चार हजार रुपये लेकर लेखपाल कक्ष में पहुंचे और लेखपाल रामचंद्र को रुपये देकर भूमि की पैमाईश कराने की मांग की। लेखपाल ने जैसे ही रुपये हाथ में लिए, एंटीकरप्शन टीम के प्रभारी सुरेंद्र सिंह और इंस्पेक्टर पूजा शर्मा की टीम ने लेखपाल को दबोच लिया। टीम आरोपी लेखपाल को पकड़कर कोतवाली ले गई। वहां लेखपाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करा दी गई।