स्कूटी को टक्कर मार गया कोई वाहन, मौसेरे भाई की हालत गंभीर
बरेली। बदायूं के दातागंज निवासी कॉल सेंटर कर्मचारी की मंगलवार देर रात शहर में सड़क हादसे में मौत हो गई। उसकी स्कूटी को कर्मचारी नगर बाईपास पर कोई वाहन टक्कर मारकर चला गया। पीछे बैठा मौसेरा भाई हादसे में गंभीर घायल हो गया।
दातागंज के हरेला मोहल्ला निवासी 25 वर्षीय शिवम जौहरी उर्फ नानू की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद बुधवार को काफी संख्या में परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पिता दिनेश ने जौहरी बताया कि नानू अयूब खां चौराहे के पास एक मोबाइल कंपनी के कॉल सेंटर में काम करता था। मंगलवार रात 12 बजे ड्यूटी खत्म करके वह अपने मौसेरे भाई रविंद्र नगर निवासी सिद्धांत जौहरी के साथ मठ लक्ष्मीपुर स्थित कमरे पर स्कूटी से लौट रहा था। नानू स्कूटी चला रहा था तो सिद्धांत पीछे बैठा था। कर्मचारी नगर बाईपास पर सामने से आ रहे किसी वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने वाला वाहन भाग गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को पास के निजी अस्पताल में ले गई। वहां नानू को मृत घोषित कर दिया गया। सिद्धांत का इलाज चल रहा है। दिनेश ने बताया कि नानू उनका इकलौता बेटा था।