सीसीटीवी फुटेज देखकर खोजा, बारादरी थाने में रिपोर्ट
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के एक शिक्षक का लेब्राडोर नस्ल का कुत्ता चोरी हो गया। शिक्षक ने रिपोर्ट कराकर खुद ही सीसीटीवी फुटेज के सहारे कुत्ता खोज लिया। मुख्य आरोपी समाजवादी युवजन सभा के नेता का छोटा भाई है। सीसीटीवी फुटेज से करतूत सामने आने के बाद वह और उसका साथी फरार है।
पीलीभीत रोड पर राजनगर कॉलोनी निवासी ऋषिपाल सिंह परिषदीय स्कूल में शिक्षक हैं। उन्होंने बारादरी थाने में रिपोर्ट कराई कि उनका ढाई साल का लेब्राडोर नस्ल का कुत्ता 27 दिसंबर की शाम चार बजे घर के बाहर से बाइक सवार दो लोगों ने चोरी कर लिया। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखकर जानकारी जुटाई और कुत्ते को संबंधित व्यक्ति के घर से बरामद कर लिया। अब पीड़ित के बताए मुताबिक पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। जानकारी मिली है कि वह सयुस के एक नेता का भाई है जो अपने दोस्त के साथ कुत्ता ले गया था। पुलिस ने दबाव बनाने के लिए उसके परिवार के एक शख्स को थाने में बैठा लिया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया।