एक आरोपी को पकड़कर पुलिस ने छोड़ा, समझौते की तैयारी
बरेली। मिनी बाईपास पर तेज रफ्तार कार ने गजक के ठेले समेत विक्रेता को उड़ा दिया। इससे ठेले वाला गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मिनी बाईपास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से लोगों ने एक आरोपी को पकड़ा लेकिन पुलिस ने उसे छोड़ दिया। अब समझौते की कोशिश चल रही है।
न्यू ईयर का धमाल अभी से शुरू हो गया है। रविवार रात तेज रफ्तार वैगन आर कार ने मिनी बाईपास पर रात करीब नौ बजे गजक के ठेले में टक्कर मार दी। ठेले का सारा माल सड़क पर बिखर गया और ठेला मालिक शास्त्री नगर निवासी राजकुमार सिंह गंभीर घायल हो गए। कार सवार तीनों युवक भागने लगे तो भीड़ नेे एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कार पर पुलिस का लोगो बना था। कर्मचारी नगर चौकी इंचार्ज ने तहरीर मिलने पर रिपोर्ट लिखाने की बात कहकर कार को कब्जे में ले लिया। मगर देर रात पकड़ा गया युवक सांठगांठ कर छोड़ दिया गया। कार गाजियाबाद के किसी महेंद्र के नाम रजिस्टर्ड है लेकिन कार सवार स्थानीय ही बताए जा रहे हैं। चर्चा है कि तीनों नशे की हालत में थे और कहीं पार्टी करके लौट रहे थे। मौके पर पहुंचा कार सवारों का परिचित सिपाही पीड़ित को मनाने के साथ ही धमका रहा था। इंस्पेक्टर केके वर्मा का कहना है कि उन्हें इस हादसे की जानकारी नहीं है।