गाड़ी से कूदकर जंगल में भागी, दूसरे गांव के प्रधान के घर शरण ली
बरेली। भोजीपुरा क्षेत्र में रात 9 बजे एक किशोरी को पिकअप में लिफ्ट देकर गांव के ही युवक ने दुष्कर्म की कोशिश की। गाड़ी से कूदकर जंगल में भागी किशोरी ने पड़ोस के गांव पहुंचकर प्रधान से मदद मांगी। इंस्पेक्टर मनोज त्यागी ने बताया कि तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट लिखकर दोषी की गिरफ्तारी करेंगे।
इज्जत नगर के गांव निवासी 13 साल की किशोरी बुधवार को पड़ोसी गांव निवासी सहेली के घर नियाज में गई थी। गुरुवार रात नौ बजे उसके गांव का युवक अपनी पिकअप लेकर वहां से घर को चला। तब सहेली की बहन ने किशोरी को भी साथ बैठा दिया। घंघोरा घंघोरी के खेतों से गुजरते वक्त गाड़ी रोककर युवक ने दुष्कर्म की कोशिश की। किशोरी गाड़ी से नंगे पैर कूदकर भागी और लखमपुर के प्रधान विनोद के घर शरण ली। विनोद ने किशोरी के गांव के प्रधान को बताया। तब प्रधान किशोरी के पिता के साथ लखमपुर से उसे लेकर थाने आए। आरोप है दबंग ने थाने जाने से रोकने की भी कोशिश की। ब्यूरो