बेटे ने फरीदपुर कोतवाली में दी तहरीर, इंस्पेक्टर बोले- जांच में आत्मदाह की बात आई सामने
बरेली। फरीदपुर में जिंदा जले मजदूर की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसके बेटे ने फरीदपुर कोतवाली में बुधवार दोपहर कुछ लोगों पर जिंदा जलाने के आरोप में तहरीर दी है। मगर इंस्पेक्टर फरीदपुर तहरीर से इनकार कर जांच के दौरान आत्मदाह सामने आने की बात कह रहे हैं।
फरीदपुर के गांव नौगवां निवासी शहीद ने बताया कि पिता 45 वर्षीय रज्जाक मजदूरी करते थे। गांव के दबंगों से तीन दिन पहले झगड़ा हो गया था। दबंगों ने पिता को पीटा तो सूचना देने के बावजूद भी कोतवाली पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। दबंगों के लगातार धमकी देने पर उन्होंने डरकर फैसला कर लिया। सोमवार रात पिता मजदूरी करके लौट रहे थे तभी दबंगों ने गली में घेरकर केरोसिन डालकर आग लगा दी। डॉक्टरों ने उन्हें बरेली रेफर कर दिया, यहां बुधवार रात नौ बजे उनकी मौत हो गई। बताया कि आरोपियों के खिलाफ बुधवार दोपहर उन्होंने थाने जाकर तहरीर भी दे दी है।
पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। मीडिया से जानकारी मिलने पर गांव में जांच कराई गई तो रज्जाक का घर बंद मिला। लोगों ने बताया कि किसी कलह में रज्जाक ने खुद ही आत्मदाह की कोशिश की। रंजिश की वजह से परिवार विरोधियों का नाम ले रहा है। हालांकि तहरीर के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। - धनंजय सिंह, प्रभारी निरीक्षक फरीदपुर