बरेली। हरियाणा के मूल निवासी सेना के हवलदार ने अपनी बैरक में फंदा लगाकर जान दे दी। कैंट पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो मौत की वजह हैंगिंग (लटकना) ही पुष्ट हुई। उसके परिवार को सूचना देकर बुलाया गया है।
हरियाणा के महेंद्रगढ़ में पचेड़ा गांव के निवासी 27 वर्षीय सुमेर सिंह सेना की ईएमई कोर में हवलदार पद पर तैनात थे। वह सिंगल बैरक में रहते थे। बुधवार सुबह नौ बजे उनके साथी नाश्ता करके अपनी ड्यूटी पर चले गए। सुमेर ने बाद में आने को कहा। करीब घंटा भर बाद कोई साथी आया तो देखा कि सुमेर का शव बैरक में अंगोछे से लटका था। साथियों ने पहले अपने अधिकारियों को सूचना दी। बाद में प्रभारी थानाध्यक्ष अरुण कुमार को जानकारी दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। अरुण कुमार ने बताया कि मौत का कारण अभी पता नहीं चल सका है। उनके मोबाइल की जांच करेंगे। वहीं, परिवार से भी पूछताछ की जाएगी।