छेड़छाड़ के विरोध पर छात्रा पर जलती लकड़ी से हमला करने के आरोपियों को बारादरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज देखकर की गई। मुख्य आरोपी का नाम भी बदला हुआ सामने आया।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र निवासी एक छात्रा स्टेडियम रोड स्थित स्कूल में कक्षा 11 में पढ़ती है। कई दिनों से एक शोहदा उसे रास्ते में घेरकर परेशान कर रहा था। इस पर मंगलवार को छात्रा की मां उसे लेने कॉलेज पहुंची थीं।
लौटने के दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे स्टेडियम रोड पर तीन-चार दोस्तों के साथ पहले से मौजूद शोहदे ने उसे घेरकर छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध पर बौखलाए शोहदे ने अलाव में जल रही लकड़ी उठाकर छात्रा पर हमला कर दिया।
छात्रा के गिरने के बाद भी आरोपियों ने उसे पीटा था। घटना के बाद बारादरी पहुंची मां-बेटी ने स्थानीय लोगों से बात करने के बाद सुमित चौधरी नाम के लड़के के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। अमर उजाला में खबर छपने के बाद बारादरी पुलिस की सुस्ती टूटी तो उसने मौके पर जाकर सीसीटीवी चैक किया।
इसमें वीर सावरकर नगर निवासी शिवम चौधरी की पहचान हुई तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उससे पूछताछ के आधार पर सैनिक कॉलोनी इज्जतनगर निवासी आशीष कुमार और परतापुर का समीर अली भी गिरफ्तार हो गए। सुमित और आशीष स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं।