करगैना में बन रही है कॉलोनी, भाजपा नेता ने जान को खतरा बताकर पुलिस से मांगी सुरक्षा
बरेली। नदी पर कब्जा करके अपनी कॉलोनी के लिए पुल बनाने की शिकायत करने पर भड़के बिल्डर ने भाजपा जिला कार्यसमिति के सदस्य आर्येंद्र मिश्रा को पहले तो फोन पर धमकाया और शनिवार सुबह उन्हें घर से निकलते ही अपने कुछ गुर्गों के साथ दौड़ा लिया। उन्हें धमकी दी कि अगर वह शिकायत करने से बाज नहीं आए तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। भाजपा नेता शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो पुलिस ने भी उनके साथ टालमटोल की। इस पर उनके समर्थकों ने काफी देर हंगामा किया तब कहीं पुलिस ने बिल्डर समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
रामचंद्रपुरम कॉलोनी में रहने वाले भाजपा नेता आर्येंद्र मिश्रा का आरोप है कि बिल्डर महेश गुप्ता सुभाषनगर की करेली ग्राम पंचायत के अंतर्गत बदायूं रोड पर करगैना में कॉलोनी बना रहा है। उसने कॉलोनी के रास्ते पर पुल बनाने के लिए नदी की जमीन पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने ग्राम प्रधान के साथ एसडीएम सदर से इसकी शिकायत की थी। इससे महेश गुप्ता, शिवम गुप्ता और उनके साथी रंजिश मानने लगे। शुक्रवार रात आठ बजे आरोपियों ने उन्हें फोन करके गालीगलौज करते हुए घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी। बातचीत के दौरान वे बार-बार उनकी लोकेशन जानने की भी कोशिश करते रहे। डर की वजह से वह रात में तो घर से नहीं निकले। रविवार सुबह बाहर निकले तो घर से कुछ ही दूर खड़े बिल्डर और उसके लोगों ने उन्हें दौड़ा लिया। इस घटना के बाद आर्येंद्र मिश्रा कार्यकर्ताओं के साथ थाना सुभाषनगर पहुंचे लेकिन पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी करती रही। इस पर आर्येंद्र और उनके समर्थक हंगामा करने लगे। इसके बाद बैकफुट पर आई पुलिस ने महेश गुप्ता, शिवम गुप्ता एवं उनके अज्ञात साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एसडीएम के आदेश पर भी नहीं रुका निर्माण
भाजपा नेता आर्येंद्र मिश्रा का कहना है कि उनकी शिकायत के बाद एसडीएम सदर ने बिल्डर को निर्माण कार्य रोकने के आदेश दिए थे। साथ ही लेखपाल को राजस्व रिकॉर्ड चेक करने के बाद पैमाइश करके नदी की जमीन का चिह्नांकन करने को कहा था। मगर अब तक निर्माण कार्य नहीं रुका है। बिल्डर ने नदी पर पुल बनाने के लिए पाइप लगाकर काम शुरू कर दिया है।
नदी पर अवैध कब्जे की शिकायत मिली थी। मौके पर निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। लेखपाल को पैमाइश करके रिपोर्ट देने को कहा है। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी। - ईशान प्रताप सिंह, एसडीएम, सदर