बरेली। कैंट में युवती की मौत के बाद मायके वाले पहुंचे तो ससुराल वाले नदारद मिले। मायके वालों ने पति के अवैध संबंधों और दहेज के कारण हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करते हुए घर में रखा सारा सामान तहस-नहस कर दिया। बाद में थाना कैंट में बेटी के पति समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी।
मीरगंज के गांव बल्लिया के रामकिशोर की बहन 28 वर्षीय नेमवती की शादी चार साल पहले कैंट के गांव सिरसा में अधिवक्ता विकास माथुर से हुई थी जो गांव में स्कूल भी चलाता है। सोमवार रात नेमवती की मौत के बाद मायके वाले पहुंचे तो शव स्कूल में रखा था और ससुराल वाले फरार थे। नेमवती के गले पर भी फंदा कसने के निशान थे। मायके वालों ने विकास पर अवैध संबंधों के चलते घरवालों के साथ दहेज में के लिए नेमवती की हत्या का आरोप लगाकर हंगामा करते हुए जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने लोगों को समझाकर शव पोस्टमार्टम को भेजा। नेमवती के भाई रामकिशोर की ओर से थाना कैंट में पति विकास माथुर, ससुर चिम्मन लाल, सास प्रेमवती, जेठ मनमोहन, देवर टिंकू, रिंकू, ननद वर्षा, कीर्ति और गुड्डू के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
‘मृतका के भाई की तहरीर पर दहेज हत्या की रिपोट दर्ज कर ली गई है। आरोपी पक्ष फरार है और उनके घर में जमकर तोड़फोड़ की गई है।’
- अवनीश यादव, इंस्पेक्टर कैंट