फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। चंडीगढ़ से लखनऊ के रास्ते तस्करी करके बिहार ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की 801 पेटियां ट्रक से बरामद कर पुलिस ने चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस से बचने को शराब की पेटियां ट्रक में आलू की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई थीं।
पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि मंगलवार सुबह चार बजे पुलिस टीम टोल प्लाजा पर चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने एक ट्रक को रुकने का इशारा किया तो वह चालक उसे भगाने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक रुकवा लिया। ट्रक को चंडीगढ़ के जिला पलसौरा के सेक्टर 53 नेहरू कॉलोनी का विनोद शाह चला रहा था। पुलिस उसे थाने ले आई। ट्रक में आलू की बोरियां लदी थीं। बोरो के नीचे चंडीगढ़ मार्का 555 गोल्ड व्हिस्की की 801 पेटियां रखी थीं। विनोद ने बताया कि वह शराब को सुल्तानपुर ले जा रहा था। वहां से इसे बिहार के ड्राई एरिया में ले जाना था। चालक ने बताया कि लखनऊ मिलने की बात कहकर दो लोग पीछे ही उतर गए। एसएसपी ने बताया कि ट्रक रामपुर जिले के बिलासपुर के तारा सेन का है। आबकारी इंस्पेक्टर शैलेश कुमार शुक्ला ने शराब का सैंपल लिया। एसएसपी ने एक माह में चौथी शराब की खेप पकड़ने का उत्साहवर्धन किया।
वीडियो वायरल- पांच बोरी आलू गुप्ता जी के घर भेज दो
बरेली। फतेहगंज पश्चिमी पुलिस के गुडवर्क पर शराब बरामदगी के दौरान का एक वीडियो पलीता लगा रहा है। इस वीडियो में कुछ मजदूर ट्रक से आलू की बोरियां उतारते दिख रहे हैं। कुछ आलू खुला भी पड़ा है। पुलिस के प्रेसनोट में आलू को खराब बताया गया है, लेकिन वीडियो में दिख रहा आलू सही लग रहा है। इसमें कुछ लोगों की बात भी हो रही है, जिनके चेहरे नहीं आ रहे। एक कह रहा है कि पांच बोरी आलू गुप्ता जी के घर भेज दो। उनके घर में शादी है। दूसरा कह रहा है कि काश आलू की बजाय बोरों में प्याज होता तो मजा आ जाता। इस पर दूसरा कह रहा है कि आलू से सब्र नहीं हो रहा। वीडियो इशारा कर रहा है कि आलू सही था, जिसे शायद रिकार्ड में बदल दिया गया। प्रेसवार्ता के दौरान भी यह सवाल उठा भी, जिसे अफसरों ने हंसकर खारिज कर दिया।