बरेली। सीबीगंज इंस्पेक्टर बच्चू सिंह यादव पर अब एक समाजसेविका ने अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। डीआईजी से की शिकायत को कार्रवाई के लिए एसएसपी को भेजा गया है।
सोमवार को सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की दो पोस्ट करने पर ललित साहू और अनीस रजा के खिलाफ सीबीगंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। अनीस गिरफ्तार हो गया जबकि ललित फरार हो गया। मंगलवार को कई लोगों के साथ डीआईजी दफ्तर पहुंची ताजीम ए मुसीबतजदा वेलफेयर सोसायटी की अध्यक्ष रोशनी खान ने लिखित शिकायत दी। फोन पर डीआईजी को बताया कि ललित ने विवादित पोस्ट की थी। सोमवार शाम तमाम लोग उनके घर इकट्ठे हुए तो वह थाने गईं और इंस्पेक्टर को तहरीर दी तो उन्होंने उनके साथ अभद्रता से बातचीत की। रोशनी ने आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर ने मनमानी कार्रवाई की है। महिलाओं से वह अच्छा व्यवहार नहीं करते। डीआईजी ने बताया कि रोशनी खान की शिकायत जांच के लिए एसएसपी को भेज दी है।
ललित के अलावा एक सभासद के बेटे ने भी भड़काऊ पोस्ट की थी। शिकायत पर भी इंस्पेक्टर ने उसे साफ बचा दिया। उन पर कार्रवाई जरूरी है। - रोशनी खान
रिपोर्ट पहले से दर्ज होने के बावजूद रोशनी ने कई लोगों को इकट्ठा किया। सूचना मिली कि वह लोगों को भड़काकर थाने ला रही हैं। उन्हें सच्चाई बताई तो भड़क गईं और भेदभाव का आरोप लगाने लगीं।
- बच्चू सिंह यादव, इंस्पेक्टर सीबीगंज