बरेली। वाहन चेकिंग के दौरान शराब के नशे में कालीबाड़ी के दो युवकों ने चौकी चौराहा पर ट्रैफिक पुलिस के एएसआई के साथ बदसलूकी कर दी। मामले में कोतवाली पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की है। दोनों का आपराधिक इतिहास भी पुलिस खंगाल रही है।
इन दिनों यातायात माह चल रहा है। मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस के एएसआई कलुआ खां चौकी चौराहा पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। वे हेलमेट नहीं लगाए थे। ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें रोक लिया तो दोनों सिपाहियों से उलझ गए। चौराहे पर खड़े एएसआई कलुआ खां पहुंचे तो युवकों ने उनसे भी बदसलूकी कर दी। हंगामा होने पर चौकी से सब इंस्पेक्टर वेदपाल पहुंच गए। उन्होंने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। दोनों बारादरी इलाके के मोहल्ला कालीबाड़ी के विक्की राजपूत और अमर सिंह यादव हैं। दोनों का मेडिकल कराया गया तो शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। कोतवाली पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की है।