सीबीगंज। रौब गांठने के लिए एक टेंपो ड्राइवर ने अपने टेंपो को भाजपा के कलर से पुतवाकर उस पर सांसद जी के पीआरओ की प्लेट लगवा ली। कई दिन से वह ऑटो शहर की सड़कों पर बेरोकटोक दौड़ा रहा था। परसाखेड़ा जीरो प्वाइंट के पास एक भाजपा नेता की नजर पड़ी उन्होंने उसे रोका और जमकर लताड़ लगाई। यहां से माफी मांगकर भाग गया। सूचना पर देर रात आंवला सांसद के पीआरओ ने इस मामले में सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
गुरुवार को बीजेपी नेता जवाहरलाल दिल्ली जा रहे थे। तभी उन्हें परसाखेड़ा जीरो प्वाइंट के पास एक ऑटो खड़ा दिखाई पड़ा। इस पर भाजपा के झंडे के कलर में धर्मेंद्र कश्यप सांसद जी के पीआरओ की प्लेट लगी थी। इसे देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाई और टेंपो वाले से पूछताछ की। उसने अपना नाम इरफान निवासी सरनिया बताया। ऑटो ड्राइवर का कहना था कि उसे यह प्लेट रास्ते में पड़ी मिली थी तो उसने टेंपो पर लगवा ली। फटकारने पर उसने माफी मांगी और प्लेट उतारने की बात कहकर चला गया। जवाहर लाल ने ऑटो का फोटो खींच लिया था। इसे उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जानकारी पर सांसद धर्मेंद्र कश्यप के पीआरओ रवि यादव देर रात सीबीगंज थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। इंस्पेक्टर बच्चू सिंह ने बताया कि उसे जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।