बरेली। कमलेश तिवारी हत्याकांड में शहर से तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कैफी, नावेद और कामरान पर हत्यारों के मददगार के रूप में कार्रवाई की जा रही है। सूत्र बताते हैं कि जांच के बाद लखनऊ एसआईटी कुछ और लोगों की भी धरपकड़ कर सकती है।
कमलेश तिवारी हत्याकांड के तार बरेली से जुड़े निकले हैं। बरेली से कैफ और नावेद की गिरफ्तारियां पहले हो चुकी थीं। लखनऊ पुलिस की एसआईटी के एक इंस्पेक्टर और सिपाही मंगलवार रात ही बरेली आ गए थे। टीम बुधवार दोपहर बरेली क्राइम ब्रांच के साथ किला थाने के घेर मिट्ठू खां मोहल्ले में पहुंची। वहां से नावेद के कर्मचारी कामरान को लेकर लखनऊ चली गई। बरेली क्राइम ब्रांच ने लखनऊ टीम को इसके लिए वाहन और सुरक्षा उपलब्ध कराई। वहां एसआईटी ने कामरान से पूछताछ की है। कामरान के मूल निवास अलीगढ़ से कनेक्शन भी देखे जा रहे हैं। बताते हैं कि जल्द ही टीम बाकी आरोपियों को रिमांड पर लेगी और उनकी मदद से बरेली में भी कुछ और लोगों को पकड़ा जा सकता है। बरेली से कुछ बरामदगी दिखाकर केस को पुष्ट करने का भी चांस है। एक होटल मालिक प्राइवेट चिकित्सक से पूछताछ के आसार हैं।