फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। कैंटर से लखनऊ ले जाई जा रही हरियाणा मेड शराब की बड़ी खेप के साथ मंगलवार रात पकड़े गए चारों तस्करों को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। आरोपियों में मेरठ निवासी एक पूर्व सैनिक भी है। उसके पास से आईकार्ड और चार मोबाइल बरामद हुए।
पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार रात नेशनल हाईवे पर टोल नाका के पास से एक कैंटर पकड़ा। कैंटर के फर्श के नीचे अलग से बॉक्स बनाकर हरियाणा मेड शराब की पेटियां रखी थीं। पुलिस ने 200 पेटी हरियाणा की देसी शराब बरामद की। शराब हरियाणा से लखनऊ ले जाई जा रही थी। साथ में चल रही स्विफ्ट कार में सवार मेरठ के चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। तस्करों के पास से पुलिस ने बेची गई शराब के 40 हजार रुपये, सेना का आईकार्ड और चार मोबाइल बरामद किए। तस्करों से पूछताछ में पता लगा कि हरियाणा की शराब को वह लखनऊ और आसपास के इलाकों में महंगे दामों में बेचकर मुनाफा कमाते हैं। दीवाली की वजह से भी शराब की डिमांड बढ़ी है। तस्करों में मेरठ के थाना रोहटा के गांव बाडम निवासी दुष्यंत कुमार, शास्त्री नगर सेक्टर चार का अतुल कुमार और पंकज व थाना कांकड़खेड़ा के पावली निवासी राजकुमार शामिल हैं। एसएसपी ने बताया कि दुष्यंत कुमार पूर्व सैनिक है और काफी समय से अवैध शराब के धंधे में लिप्त है। कैंटर को राजकुमार चला रहा था।