बरेली। प्रेमनगर क्षेत्र में जनकपुरी रोड पर बुधवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने एक मानसिक मंदित व्यक्ति को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार तेज रफ्तार में सलेक्शन प्वाइंट चौराहे की तरफ भाग गई। मौके पर इकट्ठा हुए लोगों ने एंबुलेंस को फोन पर उसे जिला अस्पताल पहुंचवाया। लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके पर लोगों ने बताया कि व्यक्ति अकसर वहां क्रासिंग पर बैठा रहता था।
अपहरण का नाटक करने वाली महिला को जेल भेजा
बरेली। पहले पति के संबंधियों को फंसाने के लिए अपने अपहरण की झूठी कहानी गढ़ने वाली महिला को बिथरी पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। उसके पति को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। कोतवाली क्षेत्र में बड़ा डाकघर रोड़ पर एक बच्चे ने कुछ बदमाशों पर उसकी मां का अपहरण करने का आरोप लगाया था। सूचना मिलते ही पूरे शहर की पुलिस सक्रिय हो गई थी। पूरे शहर में सफेद गाड़ी की तलाशी ऐसी चली थी कि फरीदपुर में विधायक के सर सिंह तक की सफेद गाड़ी चैक की गई थी। कुछ ही देर में महिला मिनी बाईपास पर बेहोशी की हालत में मिली थी। महिला के पति की शिकायत पर हनीफ व तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। लेकिन जांच में मामला फर्जी पाया गया। सामने आया कि महिला ने पति के साथ मिलकर आरोपियों को फंसाने की लिए अपहरण की झूठी कहानी रची थी। महिला की जिला अस्पताल से छुट्टी होने के बाद बिथरी पुलिस ने बुधवार को महिला को जेल भेज दिया। महिला के पति को मंगलवार को ही जेल भेज दिया गया था।