बरेली। देवरनिया की मूल निवासी और शहर में रहकर पार्लर चला रही महिला ने रेलवे के वार्ड ब्यॉय अनिल कुमार के खिलाफ चार लाख की ठगी और छेड़छाड़ की शिकायत डीआईजी से की थी, उनके आदेश पर इज्जत नगर थाने में रिपोर्ट कराई गई है। महिला ने बताया कि पार्लर पर आने वाली एक रेलकर्मी की पत्नी से उनकी दोस्ती हो गई थी। उसके पति ने अपने सहयोगी वार्डब्यॉय से उनके पति को मिलवाया। उन्हीं दिनों उनके पति ने रेलवे की एक प्रतियोगी परीक्षा दी थी। वार्डब्यॉय ने नौकरी लगवाने के नाम पर चार लाख मांगे। तब उन्होंने अपने गांव की जमीन बेचकर उसे रुपये सौंपे। बीच में कई बार पति की गैरमौजूदगी में अनिल आया और उससे छेड़छाड़ की। वह अपने पति के भविष्य की खातिर चुप रही। जब नौकरी का रिजल्ट आया तो पति का नाम उसमें नहीं था। तब शिकायत की तो रुपये देने की बात टाल गया। ये धमकी और दी कि वह अनुसूचित जाति से है, उनके खिलाफ एससी एक्ट की रिपोर्ट करा देगा। ब्यूरो
पति पर नपुंसक होने का आरोप
बरेली। सुभाष नगर थाना क्षेत्र की एक महिला ने महिला थाने में पति पर नपुंसक होने और ससुरालियों पर अन्य गंभीर आरोप लगाकर सनसनी फैला दी। महिला ने बताया कि अप्रैल माह में उसकी शादी कैंट थाना क्षेत्र में हुई थी। पिता ने कार समेत काफी दहेज दिया। बाद में उसे पता लगा कि पति नपुंसक है। सास से कहा तो उन्होंने देवर के साथ संबंध रखने का फरमान सुना दिया। और दहेज लाने के लिए भी उसे पीटा जाने लगा। परेशान होकर वह मायके में रह रही है। महिला की शिकायत पर थाना प्रभारी ने दूसरे पक्ष को भी बुलाया है। ब्यूरो
मलयेशिया गए युवक का सुराग नहीं
बरेली। मीरगंज के गांव कुरतरा निवासी उमेश पुत्र केहरिपाल 6 सितंबर को भुवनेश्वर उड़ीसा फ्लाइट से मलेशिया में नौकरी के लिए गया था। वहां उमेश ने कुछ दिन काम किया। उसके बाद कंपनी के सुपरवाइजर से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बौखलाए सुपरवाइजर ने उमेश का पासपोर्ट समेत सारे कागजात छीन लिए। फिर कुछ दिन बाद सुपरवाइजर भी गायब हो गया। उमेश के साथियों से परिवार ने संपर्क किया तो साथ काम कर रहे हैं युवकों ने बताया कि उमेश को वहां की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथियों ने उमेश के परिवार से कुछ रुपये मंगवाए। बावजूद उमेश का अभी तक कोई पता नहीं है। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार से मिल चुके उमेश के पिता अधिकारियों के चक्कर काटकर परेशान हो गए हैं। उन्होंने विदेश मंत्रालय से अपील की है कि उनके बेटे को तलाश कर घर भेज दिया जाए। ब्यूरो
पेटीएम से डाले कैश का सुराग नहीं
बरेली। कैंट के उमरसिया निवासी सूरज सक्सेना ने एसएसपी को पत्र देकर पेटीएम से हुए लेनदेन में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। बताया है कि उन्होंने 25 अगस्त को पांच हजार रुपये लखनऊ के एक परिचित के अकाउंट में पेटीएम से डाले थेे। रुपये उनके खाते से कटने के बाद भी आज तक संबंधित अकाउंट में नहीं पड़े हैं। ब्यूरो
मीट विक्रेताओं ने समाजसेवी को पीटा
बरेली। कटीकुइयां निवासी समाजसेवी अब्दुल्ला ने बारादरी थाने में तहरीर देकर पुराना शहर निवासी मीट विक्रेता और उसके दो बेटों के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाया है। आरोप है कि ये लोग मीट की दुकानों पर गोवंशीय पशुओं का मांस बेचते हैं। उन्हें शक है कि वह उनकी सूचना पुलिस को देते हैं। इसीलिए ये लोग उनके घर में घुस गए और उन पर हमला कर दिया। ब्यूरो
छेड़छाड़ और मारपीट में महीने भर बाद रिपोर्ट
बरेली। इज्जत नगर थाने में वीर सावरकर नगर निवासी महिला ने छह लोगों के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में रिपोर्ट कराई है। इसमें महिला समेत तीन लोग नामजद कराए गए हैं। कोर्ट के आदेश पर हुई रिपोर्ट में घटना 27 अगस्त की दिखाई गई है जब महिला घर में अकेली थी। तब ये लोग घर में गुस आए और उन्हें बुरी तरह पीटकर कपड़े फाड़ दिए और छेड़छाड़ भी की। ब्यूरो