आंवला (बरेली)। मादक पदार्थों की तस्करी का धंधा जिले में तेजी से चल रहा है। बरेली से अफीम और स्मैक दूसरे प्रांतों को सप्लाई की जा रही है। स्थानीय तस्कर से अफीम खरीदने आए पंजाब के चार तस्करों को वाहन चेकिंग के दौरान अलीगंज पुलिस ने हिरासत में ले लिया। एसपी देहात ने पुलिस लाइन में इसका खुलासा किया। इनसे दो लक्जरी कारें भी बरामद की गई हैं।
एसपी देहात डॉ. संसार सिंह ने बताया कि अलीगंज के गांव कमालपुर का सतीश वर्मा मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में पंजाब की जेल में बंद था। वहां पर उसकी दोस्ती पटियाला के थाना जुल्का के गांव बरकतपुर निवासी गोविंद सिंह, मोहाली थाना नयागांव के गांव बड़ाकसेर निवासी सोनू, चंडीगढ़ के सेक्टर 11 निवासी संजीव कुमार और मोहाली के हरेंद्र से हो गई। सतीश ने उन्हें बताया कि उसके इलाके में झारखंड व छत्तीसगढ़ से सस्ते में अफीम लाकर दूसरे प्रदेशों में सप्लाई की जाती है। वे लोग वहां से अफीम खरीदकर पंजाब में महंगे दामों में बेच सकते हैं। जमानत पर छूटने के बाद भी इन लोगों का संपर्क बना रहा। सतीश ने इन चारों को अफीम लेने के लिए गांव बुलाया था। ये लोग झारखंड, छत्तीसगढ़ से अफीम लाकर तस्करी करने वालों से संपर्क कर अफीम का सौदा कर रहे थे। तभी मुखबिर की सूचना पर थाना पुलिस ने पंजाब के चारों तस्करों के साथ ही सतीश को पकड़ लिया। हालांकि सौदा करने वाले फरार हो गए।
एसओ मनोज मिश्रा ने बताया कि पहले भी इसी तरह के आरोप में क्षेत्र के गांव खैलम, महौलिया, बीवनी कमालपुर, कुंडलिया फैजुल्लापुर, शिवनगर, ढकिया आदि के तस्कर दिल्ली, पंजाब की जेलों में रह चुके हैं। पंजाब के तस्कर स्थानीय तस्करों से अफीम खरीदकर चंडीगढ़, पंजाब और दिल्ली में अधिक मुनाफे में बिक्री करते हैं।