बरेली। एडी हेल्थ ऑफिस में बृहस्पतिवार रात पकड़े गए जुआरियों को शुक्रवार को कोर्ट पेश किया गया, जहां जमानत अर्जी खारिज कर सभी को जेल भेज दिया गया। अब स्वास्थ्य विभाग भी विभाग के इन जुआरियों पर कार्रवाई करने की तैयारी में है। वहीं जुआ के रुपयों में गोलमाल करने का आरोप लगने पर एसएसपी ने श्यामगंज चौकी इंचार्ज रविंद्र सिंह को तलब कर स्पष्टीकरण मांगा।
विकास भवन रोड स्थित एडी हेल्थ ऑफिस में बृहस्पतिवार रात लाखों का जुआ पकड़ गया था। परिसर में दबिश देने वाली बारादरी पुलिस के मुताबिक मौके से चार लाख चालीस हजार रुपये बरामद हुए थे। लेकिन पकड़े गए जुआरियों ने रुपया ज्यादा होने का दावा किया। एक सूत्र के मुताबिक मौके से पुलिस ने करीब आठ लाख रुपये बरामद किए थे। शुक्रवार को कोर्ट में पेश होने पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने वकीलों के जरिये जमानत अर्जी लगाई लेकिन कोर्ट ने उसे खारिज कर सभी को जेल भेज दिया। वहीं, एडी हेल्थ डॉ. राकेश दुबे ने भी विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने बताया कि दो संयुक्त निदेशक की कमेटी मामले की जांच करेगी और फिर कार्रवाई होगी। मानसिक अस्पताल निदेशक डॉ. प्रमिला गौड़ ने बताया कि अभी तक पुलिस की रिपोर्ट नहीं मिली है, वह मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।