बरेली। धोखाधड़ी कर एक ठग ने दो फाइनेंस कंपनियों से एक ही कार पर लोन ले लिया। ठग ने एक कंपनी की पॉलिसी का फायदा उठाकर लोन कराया फिर रुपये लेकर फरार हो गया। छानबीन में सामने आया कि उसी गाड़ी पर ठग ने एक अन्य कंपनी से भी उसी गाड़ी पर लोन लिया है। कंपनी के अधिकारी ने एसएसपी से इसकी शिकायत की थी। प्रेमनगर पुलिस को जांच के आदेश दिए गए हैं।
प्रेमनगर क्षेत्र के शाहबाद निवासी शुऐब खान फाइनेंस कंपनी हीरो फिनकार्प कंपनी में डीएसए के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि सुभाषनगर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति को कंपनी ने लोन दिया था। पॉलिसी के मुताबिक गाड़ी के डेढ़ सौ प्रतिशत मूल्य का लोन दिया गया था। करीब सवा दो लाख रुपये लेने के बाद व्यक्ति गायब हो गया। कई दिनों तक संपर्क नहीं हुआ तो छानबीन की। जानकारी मिली की एक अन्य कंपनी से भी व्यक्ति ने उसी गाड़ी पर लोन करा लिया है। आरोप है कि धोखाधड़ी कर उनकी कंपनी के लाखों रुपये हड़पकर वह भाग निकला है।