बरेली। जमीन पर कब्जा करने की धमकी देकर बदमाश ने एक डॉक्टर से लाखों रुपये की रंगदारी मांगी है। विरोध करने पर उनके घर में घुस गए और डरा-धमकाकर एक लाख रुपये ले गए। बाकी न देने पर मारने की भी धमकी दी। डीआईजी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बारादरी क्षेत्र में बीसलपुर रोड स्थित साईं रेजीडेंसी निवासी डॉ. पुष्पा सिंह व उनके भांजे परितोष विजेता व चमेली देवी ने कुछ साल पहले इज्जतनगर के गांव शेरपुर में आजाद सहकारी आवास समिति द्वारा पंजीकृत जमीन खरीदी थी। उनके मुताबिक रिश्तेदारों ने अपनी जमीन पर बाउंड्री करा ली है, लेकिन पति के बाहर रहने के कारण वह बाउंड्री नहीं करा पाईं। उनके मुताबिक कुछ दिन से गांव बिहारमान नगला के अब्दुल कदीर खां, अब्दुल कय्यूम खां, अब्दुल अयूब खां, अब्बास खां व जुबैदा और रुद्रपुर निवासी मनोज कुमार उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। आरोप है कि इसके चलते आरोपी उनसे दस लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले अकेला पाकर आरोपी उनके घर में घुस आए और हथियार दिखाकर एक लाख रुपये ले गए। बाकी रुपये जल्दी न मिलने पर परिवार को मारने की धमकी दे रहे हैं।