बरेली। सरकारी शराब के कारोबार को गांव गली में चल रहे कच्ची शराब के काले धंधे ने मंदा कर दिया है। परेशान व्यापारियों ने मंगलवार को एसएसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने एसपी सिटी और देहात को पत्र बनवाकर अपने इलाकों में कच्ची के धंधे पर प्रतिबंध लगवाने को कहा है।
व्यापार संघ के बैनर तले अध्यक्ष शिवचरन कश्यप के साथ कई शराब व्यापारियों ने एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय से मुलाकात की। उनसे जिले में कच्ची शराब के चल रहे धंधे की शिकायत की। उनका कहना था कि शहर से लेकर देहात तक यह धंधा जोरों पर चल रहा है। इससे जहां उन्हें और सरकार को राजस्व घाटा हो रहा है वहीं लोगों की जान को भी खतरा बना हुआ है। कच्ची शराब से कई लोगों की मौत हर साल हो जाती है तो कई लोग बीमार और दिव्यांग हो जाते हैं। आबकारी विभाग से कई बार शिकायत कर चुके हैं पर वह ध्यान नहीं देते हैं। पुलिस के स्तर से मामले में छापामारी और दोषियों पर कार्रवाई कराई जाए। एसएसपी ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से संतोष पटेल, संतोष सिंह, राजन बाबू, राजेश पटेल, राजवीर पटेल, मनोज गंगवार, उदयराज आदि शामिल थे।